BJP National President: BJP को आज बिहार से मिलेगा पहला राष्ट्रीय अध्यक्ष, नितिन नवीन करेंगे नामांकन, बनाने जा रहे ये रिकॉर्ड, जानिए पूरा कार्यक्रम

BJP National President: बीजेपी को आज बिहार से पहला राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलेगा। नितिन नवीन राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद के लिए दोपहर में नामांकन करेंगे। नितिन नवीन बीजेपी के 11वें और सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने जा रहे हैं।

नितिन नवीन
नितिन नवीन आज करेंगे नामांकन - फोटो : social media

BJP National President: बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से पांच बार विधायक रहे नितिन नवीन आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जा सकते हैं। जानकारी अनुसार नितिन नवीन आज राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। सूत्रों की मानें को पार्टी की ओर से एक ही नामांकन दाखिल किए जाने की संभावना है ऐसे में नितिन नवीन का निर्विरोध चुना जाना तय है।

नितिन नवीन आज करेंगे नामांकन 

बता दें कि, नितिन नवीन के नामांकन के साथ ही वे बिहार से भाजपा के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेंगे। इसके साथ ही वे पार्टी के इतिहास के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम करेंगे। भाजपा की स्थापना के बाद वे पार्टी के 11वें राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। जानकारी अनुसार भाजपा के दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय में नामांकन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी को लेकर भी चर्चा है।

तीन घंटे में पूरी होगी चुनावी प्रक्रिया

पार्टी के कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन के बाद तीन घंटे के भीतर ही पूरी चुनावी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी। यदि एकमात्र नामांकन वैध रहता है, तो उसी दिन नितिन नवीन को कार्यकारी अध्यक्ष से पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया जा सकता है। हालांकि, औपचारिक घोषणा 20 जनवरी को की जाएगी। भाजपा द्वारा जारी कार्यक्रम के तहत 19 जनवरी को दोपहर 2 से 4 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद 4 से 5 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी और शाम 5 से 6 बजे तक नाम वापस लेने का समय तय किया गया है। एक ही वैध नामांकन रहने की स्थिति में चुनाव अधिकारी निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा करेंगे।

कैसे होता है राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव

भाजपा में राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव राष्ट्रीय परिषद द्वारा किया जाता है, जिसमें करीब 5,708 सदस्य शामिल हैं। इनमें राष्ट्रीय परिषद के सदस्य और विभिन्न राज्यों की परिषदों के प्रतिनिधि होते हैं, जो देश के 30 से अधिक राज्यों से आते हैं। हालांकि, एकल नामांकन की स्थिति में मतदान की जरूरत नहीं पड़ेगी। अब तक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्षों में अटल बिहारी वाजपेयी, मुरली मनोहर जोशी, कुशाभाऊ ठाकरे, बंगारू लक्ष्मण, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, अमित शाह और वर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा जैसे दिग्गज नेता शामिल रहे हैं। इनमें बंगारू लक्ष्मण और लालकृष्ण आडवाणी ऐसे नेता रहे हैं, जिन्होंने एक से अधिक बार अध्यक्ष पद संभाला।

कौन हैं नितिन नवीन

45 वर्षीय नितिन नवीन को भाजपा का युवा और मजबूत संगठनात्मक चेहरा माना जाता है। वे दिवंगत भाजपा नेता और पूर्व विधायक नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के पुत्र हैं। नितिन नवीन लंबे समय से पार्टी संगठन से जुड़े रहे हैं और पांच बार बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने जा चुके हैं। वर्तमान में वे बिहार की राजनीति में भी एक अहम भूमिका निभा चुके हैं। नीतीश कैबिनेट में भी नितिन नवीन ने अपनी जिम्मेदारी निभाई है। विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए सरकार बनने के बाद भी नितिन नवीन को नीतीश कैबिनेट में जगह मिली थी लेकिन राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।