Patna Road Accident: पटना में खून से सनी सड़क, एक की मौत के बाद बेकाबू भीड़ ने जम कर मचाया तांडव, 5 किमी तक लगा जाम
NH-30A पर कोल्हर गांव के पास एक बेलगाम बाइक ने साइकिल सवार को ऐसी टक्कर मारी कि मौके पर ही उसकी सांसें थम गईं। हादसे के बाद पूरा इलाका गुस्से और ग़म की आग में सुलग उठा।
Patna Road Accident: पटना से सटे फतुहा थाना इलाके में शुक्रवार की रात रफ्तार ने एक और बेकसूर की जान निगल ली। फतुहा-दनियावां मार्ग NH-30A पर कोल्हर गांव के पास एक बेलगाम बाइक ने साइकिल सवार राजमिस्त्री को ऐसी टक्कर मारी कि मौके पर ही उसकी सांसें थम गईं। हादसे के बाद पूरा इलाका गुस्से और गम की आग में सुलग उठा।
मृतक की पहचान कोल्हर निवासी गोरख साव के 35 वर्षीय बेटे संतोष कुमार के तौर पर हुई है। संतोष मेहनतकश राजमिस्त्री था और रात को दिहाड़ी खत्म कर साइकिल से घर लौट रहा था। जैसे ही वह कोल्हर पुल के करीब पहुंचा, तेज रफ्तार बाइक ने उसे अपनी जद में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सड़क खून से लाल हो गई और संतोष ने वहीं दम तोड़ दिया। वह अपने घर का इकलौता कमाने वाला था पीछे चार मासूम बच्चे और बेबस पत्नी छोड़ गया। घर में मातम, चीख-पुकार और कोहराम का मंजर छा गया।
हादसे के बाद बाइक सवार अपनी गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। आरोपी की इस फरारी ने ग्रामीणों के सब्र का बांध तोड़ दिया। आक्रोशित भीड़ ने बाइक को सड़क के बीचों-बीच घसीटा और उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते लपटें उठने लगीं और NH-30A रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। करीब 5 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। एंबुलेंस से लेकर ट्रक तक सब थम गए हाईवे पर सन्नाटा और सायरन की आवाज़ें गूंजने लगीं।
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। एसडीपीओ-1 अवधेश कुमार और थानाध्यक्ष सदानंद साह भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत और समझाइश के बाद भीड़ को शांत कराया गया और जाम खुलवाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश तेज कर दी गई है।
रिपोर्ट- रजनीश कुमार