Bihar News: फतुहा स्टेशन बना 'कुरुक्षेत्र'! साउथ बिहार एक्सप्रेस में बारातियों और बदमाशों के बीच खूनी संघर्ष, यात्रियों में मची चीख-पुकार

Bihar News: झड़प में बारात पक्ष के एक व्यक्ति का सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही गश्ती पुलिस ने रेल थानाध्यक्ष मनोज कुमार को सूचित किया। वे भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

बारातियों से भिड़े बदमाश
बारातियों से भिड़े बदमाश - फोटो : reporter

Bihar News:  दानापुर रेल मंडल के फतुहा स्टेशन पर रविवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब प्लेटफॉर्म संख्या-5 पर खड़ी अप साउथ-बिहार एक्सप्रेस (13287) अचानक जंग का अखाड़ा बन गई। ट्रेन के रुकते ही यात्री पटरी पर उतर आए और शोर-शराबा शुरू हो गया। देखते ही देखते चीख-पुकार और हंगामे ने पूरे स्टेशन परिसर को दहला दिया।

बारातियों से बदमाशों की भिड़ंत

जानकारी के अनुसार, ट्रेन की एच-1 और एस-6 बोगी में दुर्ग से आरा जा रही एक बारात सवार थी। सुबह करीब 11:08 बजे जैसे ही ट्रेन फतुहा स्टेशन पर रुकी, कुछ स्थानीय असामाजिक तत्व जबरन एस-6 बोगी में घुस गए। बताया जा रहा है कि बदमाश एस-6 से एच-1 कोच में जाने की कोशिश कर रहे थे और बंद दरवाजे को पीटने लगे। बारातियों द्वारा विरोध करने पर गाली-गलौज शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। इस दौरान ट्रेन में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

एक व्यक्ति घायल

झड़प में बारात पक्ष के एक व्यक्ति का सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही गश्ती पुलिस ने रेल थानाध्यक्ष मनोज कुमार को सूचित किया। वे भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि पुलिस की भनक लगते ही मारपीट करने वाले आरोपी फरार हो गए।

1 घंटा 8 मिनट रुकी रही ट्रेन

हंगामे के कारण साउथ बिहार एक्सप्रेस करीब एक घंटा आठ मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही। यात्री सुरक्षा को लेकर डरे हुए नजर आए। पुलिस ने स्थिति नियंत्रित कर घायलों को प्राथमिक उपचार दिलाया। जिसके बाद दोपहर 12:16 बजे ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। रेल थाना अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि मामला शांत करा दिया गया है और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। फरार बदमाशों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।

पटना से रजनिश की रिपोर्ट