पटना की नहर में मिला 26 वर्षीय युवक का शव, इलाके में फैली सनसनी
पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को नहर से बाहर निकाला और अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए
Bihar News : पटना के बिक्रम थाने में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बैगमा गांव स्थित नहर में एक युवक का शव तैरता हुआ बरामद हुआ। नहर में शव मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई, जिसके बाद घटनास्थल पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों से जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रानीतालाब निवासी शरदा चौधरी के 26 वर्षीय पुत्र अमरजीत कुमार के रूप में हुई है। युवक की अचानक मृत्यु की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे रानीतालाब गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।
स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना दिए जाने के तुरंत बाद बिक्रम थाने की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को नहर से बाहर निकाला और अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
शव को पंचनामा तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों (हादसा, डूबना या कोई साजिश) का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच कर रही है।
सुमित की रिपोर्ट