Bihar News: ब्रांड बिहार के तहत खास पर्यटन पैकेज, 3 दिन में बोधगया-राजगीर-नालंदा की सैर

Bihar News: बिहार सरकार ने राज्य की समृद्ध आध्यात्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया के पर्यटकों तक पहुंचाने के लिए खास पर्यटन पैकेज तैयार किया है।..

Brand Bihar Launches 3 Day Bodh Gaya Rajgir Nalanda Tour

Bihar News: बिहार सरकार ने राज्य की समृद्ध आध्यात्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया के पर्यटकों तक पहुंचाने के लिए खास पर्यटन पैकेज तैयार किया है। ‘ब्रांड बिहार’ के तहत तैयार इस पैकेज में पर्यटकों को पटना से बोधगया, राजगीर और नालंदा की तीन दिवसीय यात्रा कराई जाएगी। दो रात और तीन दिन के इस सफर में यात्रा, होटल में ठहरने, भोजन, प्रशिक्षित गाइड, पर्यटन पुलिस की सहायता और प्रमुख स्मारकों के प्रवेश शुल्क जैसी सुविधाएं शामिल रहेंगी।

पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा कि बिहार की आध्यात्मिक और ऐतिहासिक विरासत को व्यवस्थित तरीके से पर्यटकों के सामने पेश करना सरकार की प्राथमिकता है। इसी मकसद से ऐसे आकर्षक पैकेज तैयार किए जा रहे हैं, जिससे कम समय में पर्यटक राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों का बेहतर अनुभव हासिल कर सकें।

पहला दिन बोधगया के नाम

यात्रा के पहले दिन पटना से पर्यटकों को रवाना किया जाएगा। रास्ते में निर्धारित स्थान पर नाश्ते की व्यवस्था रहेगी। इसके बाद पर्यटक बोधगया पहुंचेंगे, जहां विश्व प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर और पवित्र बोधिवृक्ष के दर्शन कराए जाएंगे। 80 फीट ऊंची बुद्ध प्रतिमा के साथ विभिन्न बौद्ध मठों, पुरातत्व संग्रहालय और सुजाता गढ़ का भी भ्रमण कराया जाएगा। दिनभर भ्रमण के बाद होटल में रात्रिभोज और ठहरने की व्यवस्था होगी।

दूसरे दिन राजगीर की ऐतिहासिक विरासत

दूसरे दिन बोधगया से राजगीर के लिए प्रस्थान होगा। यहां विश्व शांति स्तूप और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर घोड़ा कटोरा का भ्रमण कराया जाएगा। भोजन के बाद वेणुवन, पांडु पोखर, सोन भंडार, बिंबिसार जेल, मणियार मठ और साइक्लोपियन वॉल जैसे ऐतिहासिक स्थलों की सैर होगी। राजगीर के गर्म जलस्रोत भी पैकेज में शामिल हैं। शाम को नाश्ते के बाद होटल में रात्रिभोज और ठहराव होगा।

तीसरे दिन नालंदा से पटना वापसी

तीसरे दिन पर्यटक राजगीर से नालंदा जाएंगे। यहां प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के अवशेष, नालंदा संग्रहालय और ह्वेनसांग स्मृति भवन का भ्रमण कराया जाएगा। इसके जरिए पर्यटकों को भारत की प्राचीन शिक्षा और ज्ञान परंपरा की गौरवशाली विरासत से रूबरू कराया जाएगा। दोपहर के भोजन के बाद पर्यटक पटना लौटेंगे और तीन दिवसीय यात्रा पूरी होगी।