Bihar News : बीएसपीटीसीएल ने देश की शीर्ष बिजली कंपनियों में बनाई जगह, केंद्र से फिर मिली 'A+' रेटिंग, बेहतर कार्यकुशलता और वित्तीय मजबूती का मिला इनाम

Bihar News : भारत सरकार के उपक्रम पावर फाइनेंस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PFC) द्वारा जारी हालिया रैंकिंग में बीएसपीटीसीएल को प्रतिष्ठित ‘A+’ रेटिंग से नवाजा गया है......पढ़िए आगे

Bihar News : बीएसपीटीसीएल ने देश की शीर्ष बिजली कंपनियों में
बीएसपीटीसीएल को A+' रेटिंग- फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (बीएसपीटीसीएल) ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन कर राज्य के विद्युत क्षेत्र में अपनी उत्कृष्ट पहचान को मजबूत किया है। भारत सरकार के उपक्रम पावर फाइनेंस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PFC) की हालिया रैंकिंग में बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (BSPTCL) को प्रतिष्ठित A+ रेटिंग मिली है। बीएसपीटीसीएल पुनः पावर फाइनेंस कॉर्पोरेशन द्वारा जारी प्रदर्शन मूल्यांकन में शीर्ष श्रेणी की रेटिंग प्राप्त करता आ रहा है।

5 जून 2026 को किए गए मूल्यांकन में बीएसपीटीसीएल को ‘A+’ श्रेणी में वर्गीकृत किया गया है, जो 13 मई 2026 से प्रभावी माना जाएगा और अगली अधिसूचना जारी होने तक लागू रहेगा। यह वर्गीकरण कंपनी की कार्यकुशलता, पारदर्शिता, बेहतर सेवा गुणवत्ता तथा निरंतर सुधार की दिशा में किए गए प्रयासों का प्रमाण है। कंपनी ने अपने कार्यों में निरंतर सुधार, पारदर्शिता और दक्षता के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है।

ऊर्जा सचिव सह अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, बीएसपीएचसीएल श्री अजय यादव (भा.प्र.से.) ने कहा कि हाल के वर्षों में बिहार के विद्युत संचरण अवसंरचना में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। राज्य की संचरण कंपनी लोगों तक लगातार गुणवत्तापूर्ण बिजली पहुंचाने में वितरण कंपनियों के पीछे एक मजबूत और विश्वसनीय बिजली ट्रांसमिशन नेटवर्क उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि बीएसपीटीसीएल ने राज्य में निर्बाध बिजली के ट्रांसमिशन को सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाई है। यह गर्व की बात है कि बीएसपीटीसीएल ने पीएफसी की बिजली कंपनियों की रैंकिंग में टॉप A+ रेटिंग हासिल की है। 

बीएसपीटीसीएल के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार (भा.प्र.से.) ने कहा कि पावर फाइनेंस कॉर्पोरेशन (पीएफसी) द्वारा पुनः A+ रेटिंग प्रदान किया जाना कंपनी के उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बीएसपीटीसीएल भविष्य में भी राज्य में मजबूत और विश्वसनीय विद्युत ट्रांसमिशन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह रेटिंग बीएसपीटीसीएल के मजबूत वित्तीय प्रदर्शन, समयबद्ध परियोजना निष्पादन और राज्यभर में विद्युत ट्रांसमिशन क्षेत्र में उसकी उत्कृष्ट परिचालन क्षमता का प्रमाण है। बीएसपीटीसीएल की यह उपलब्धि राज्य में सुदृढ़ एवं विश्वसनीय विद्युत पारेषण व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में कंपनी के निरंतर प्रयासों को रेखांकित करती है। यह सम्मान संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मियों की मेहनत, समर्पण और पेशेवर दक्षता का परिणाम है।