Railway News: रेल यात्रियों को बड़ा झटका! गया जंक्शन पर 20 दिनों का मेगा ब्लॉक, इन ट्रेनों के मार्ग बदले
Railway News: जमालपुर-किऊल रेलखंड पर रविवार को सब-वे निर्माण और पटरी मरम्मत के चलते मेगा ट्रैफिक व पावर ब्लॉक लगाया गया। इस कारण करीब सात घंटे तक अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनों का संचालन बंद रहा।
Railway News: बिहार के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में शुमार गया जंक्शन पर सोमवार यानी आज से 16 मई तक 20 दिनों का मेगा ब्लॉक लगाया गया है। इस दौरान प्लेटफॉर्म संख्या एक पर रेल ट्रैक के पुनर्निर्माण का कार्य किया जाएगा। इसके चलते इस रूट से गुजरने वाली कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, 15619 गया-कामाख्या एक्सप्रेस 28 अप्रैल से 16 मई तक मानपुर जंक्शन से रवाना होगी, जबकि 15620 कामाख्या-गया एक्सप्रेस मानपुर तक ही सीमित रहेगी।
ब्लॉक का असर जारी
वहीं 03253 पटना-चर्लापल्ली और 03254/03255 चर्लापल्ली-पटना ट्रेनों का मार्ग बदल दिया गया है और ये अब गया होकर नहीं चलेंगी। इसके अलावा 63245 से 63289 के बीच चलने वाली पटना-गया-डेहरी मेमू ट्रेन को पटना से करीब 100 मिनट की देरी से चलाया जाएगा। 13349-13350 सिंगरौली-पटना एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों में कोचों की संख्या भी घटा दी गई है। भभुआ-पटना इंटरसिटी, राजगीर-पटना पैसेंजर और पटना-गया फास्ट पैसेंजर ट्रेनों पर भी इस ब्लॉक का असर पड़ेगा।
7 घंटे ठप रहा परिचालन
जमालपुर-किऊल रेलखंड पर रविवार को सब-वे निर्माण और पटरी मरम्मत के चलते मेगा ट्रैफिक व पावर ब्लॉक लगाया गया। इस कारण करीब सात घंटे तक अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनों का संचालन बंद रहा। किऊल, पटना और गया की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। सूचना के अभाव में कई यात्री घंटों स्टेशन पर इंतजार करते रहे, जबकि कुछ बिना सफर किए लौट गए। ब्लॉक के कारण कई पैसेंजर और मेमू ट्रेनें रद्द रहीं, जबकि ब्रह्मपुत्र मेल, विक्रमशिला एक्सप्रेस और पटना-दुमका एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें घंटों देरी से चलीं।
बक्सर में साढ़े पांच घंटे बाधित रहा रेल परिचालन
बक्सर स्टेशन पर भी रविवार को मेगा ब्लॉक का असर देखने को मिला। पुरुष नहर पुल पर गार्डर बदलने के लिए सुबह 11 बजे से शाम 4:30 बजे तक अप लाइन पर ट्रेनों का परिचालन बंद रहा। इस दौरान हिमगिरी, श्रमजीवी, जनसाधारण, सिकंदराबाद और अमृत भारत एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रहीं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पुराने लोहे के गार्डर की जगह कंक्रीट गार्डर लगाए गए हैं, जिससे भविष्य में ट्रेनों की आवाजाही और सुरक्षित हो सकेगी।