Patna Road Accident:पटना-फतुहा फोरलेन पर भीषण सड़क हादसा, हाइवा से टकराई बस, दो दर्जन यात्री जख्मी
Patna Road Accident:पटना-फतुहा फोरलेन पर शनिवार को सुपंचक गांव के पास एक सड़क हादसे में करीब दो दर्जन लोग जख्मी हो गए। ...
Patna Road Accident:पटना-फतुहा फोरलेन पर शनिवार को सुपंचक गांव के पास एक सड़क हादसे में करीब दो दर्जन लोग जख्मी हो गए। हादसा उस वक्त हुआ, जब वैशाली जिले में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से लौट रही यात्रियों से भरी बस सड़क किनारे खड़े हाइवा से जा टकराई। बस में लगभग 50 लोग सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में बैठे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और कई लोग चोटिल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार सुनाई देने लगी। आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए और घायलों को बस से बाहर निकालने में जुट गए।
हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए जख्मी यात्रियों को फतुहा अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। राहत की बात रही कि इलाज के बाद किसी भी घायल को अस्पताल में भर्ती रखने की जरूरत नहीं पड़ी। प्राथमिक उपचार पूरा होने पर सभी जख्मी यात्रियों को छुट्टी दे दी गई। इसके बाद वे अपने-अपने घर लौट गए।
दुर्घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने हादसे में क्षतिग्रस्त बस को जब्त कर लिया है। साथ ही मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई तत्काल शुरू कर दी गई है। चालक के फरार होने के कारण उसकी तलाश और हादसे के कारणों की पड़ताल अहम मानी जा रही है। हालांकि, शुरुआती जानकारी में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बस हाइवा से किस वजह से टकराई। पुलिस की जांच के बाद ही दुर्घटना की पूरी वजह सामने आ सकेगी।
इस हादसे ने फिर सड़क किनारे भारी वाहनों को खड़ा करने और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। सभी घायलों के सुरक्षित घर पहुंचने से परिजनों ने राहत की सांस ली है।