Patna Fire Incident: पटना में SIS दफ्तर की बिल्डिंग में लगी आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा
Patna Fire Incident: पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र के एक्जीबिशन रोड स्थित SIS दफ्तर की बिल्डिंग मेंअचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।...
Patna Fire Incident: पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र के एक्जीबिशन रोड स्थित SIS दफ्तर की बिल्डिंग मेंअचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग बिल्डिंग की छत पर जमा कचरे में लगी थी। देखते ही देखते लपटें उठने लगीं और धुएं का गुबार आसपास फैल गया। आग की भयावहता देखकर स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल कायम हो गया। जिस इमारत में आग लगी, उसमें बैंक समेत कई दूसरे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और कार्यालयों का संचालन होता है। ऐसे में आग के निचले हिस्सों तक पहुंचने की आशंका से लोग परेशान हो गए।
स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए बिना देर किए फायर कंट्रोल रूम को इसकी इत्तिला दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंच गईं। लोदीपुर अग्निशमनालय की टीम ने मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकलकर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग बुझ जाने से बिल्डिंग में मौजूद अन्य प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचने से बचा लिया गया। इस हादसे में किसी के जख्मी होने की खबर नहीं है।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। घटना में किसी तरह की इंजरी नहीं हुई है। आग लगने की असल वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग छत पर रखे कचरे में लगी थी, लेकिन इसके पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
बताया जा रहा है कि यह बहुमंजिला व्यावसायिक इमारत है, जहां कई दफ्तर संचालित होते हैं। यदि आग छत से नीचे कार्यालयों तक फैल जाती तो भारी नुकसान हो सकता था। दमकल टीम की फौरी कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। घटना की खबर फैलते ही एक्जीबिशन रोड पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। फिलहाल स्थिति सामान्य है और आग लगने के कारणों की तफ्तीश जारी है।