पटना में भीषण सड़क हादसे में मौत के बाद बवाल, ओवरब्रिज की मांग को लेकर लोगों ने यहां किया सड़क जाम

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रशासन से मांग की कि इस खतरनाक मोड़ और व्यस्त सड़क पर जल्द ओवरब्रिज या सुरक्षित पारपथ का निर्माण कराया जाए ताकि लगातार हो रहे हादसों पर रोक लग सके।

Naubatpur accident
Naubatpur accident - फोटो : news4nation

Bihar News : पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। गोनवा पेट्रोल पंप के पास कार और बाइक की जोरदार टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसके बाद उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों की मांग है कि इलाके में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए जल्द से जल्द ओवरब्रिज या सुरक्षित पारपथ का निर्माण कराया जाए। 


मिली जानकारी के अनुसार टिल्लू टोला निवासी 26 वर्षीय सुकेश कुमार, पिता घोष यादव, अपनी पल्सर बाइक से टिल्लू टोला से शादीशोपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गोनवा पेट्रोल पंप के समीप एक तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए, जबकि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद कार सवार लोग मौके से फरार हो गए। वहीं गंभीर रूप से घायल बाइक सवार युवक सड़क पर तड़पता रहा। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को आनन-फानन में नौबतपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स रेफर कर दिया। बाद में युवक की मौत हो गई।


घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। लोगों का कहना था कि गोनवा पेट्रोल पंप और आसपास का इलाका लगातार सड़क हादसों का केंद्र बनता जा रहा है। आए दिन यहां दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। इसी आक्रोश में लोगों ने सड़क पर टायर, बांस-बल्ला और अन्य सामान रखकर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया।


सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रशासन से मांग की कि इस खतरनाक मोड़ और व्यस्त सड़क पर जल्द ओवरब्रिज या सुरक्षित पारपथ का निर्माण कराया जाए ताकि लगातार हो रहे हादसों पर रोक लग सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।


सूचना मिलने पर नौबतपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को शांत कराया। नौबतपुर थाना प्रभारी मंजीत कुमार ठाकुर ने बताया कि कार और बाइक की टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स भेजा गया है। घटना के बाद कुछ स्थानीय लोगों ने सड़क जाम किया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा फरार कार सवारों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा।

सुमित की रिपोर्ट