पटना में गैस सिलेंडर आपूर्ति नहीं होने पर बवाल ! रोड जाम कर किया यातायात बाधित, खूब हंगामा

Gas cylinder supply shortage in Patna
Gas cylinder supply shortage in Patna- फोटो : news4nation

Gas cylinder supply shortage: पटना में गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर शनिवार को लोगों ने जमकर हंगामा किया। मामला पीरबहोर थाना क्षेत्र के नया टोला स्थित एक गैस एजेंसी का है, जहां एजेंसी बंद मिलने से नाराज लोगों ने सड़क पर उतरकर कुछ देर के लिए यातायात बाधित कर दिया। जानकारी के मुताबिक नया टोला स्थित इंडियन ओम साईं गैस एजेंसी पर बड़ी संख्या में ग्राहक गैस सिलेंडर लेने पहुंचे थे। इसी दौरान एजेंसी में ताला बंदी देख लोग आक्रोशित हो गए और बारी पथ मुख्य सड़क को जाम कर दिया। इससे कुछ समय के लिए इलाके में यातायात प्रभावित हो गया।


घटना की सूचना मिलते ही पीरबहोर और कदमकुआं थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद सड़क जाम खत्म हुआ और यातायात सामान्य किया गया। एजेंसी मैनेजर सोनू कुमार ने बताया कि बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश में एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अनावश्यक रूप से घबराकर सिलेंडर का स्टॉक करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे एजेंसी पर अचानक भीड़ बढ़ गई।


उनके अनुसार कुछ ग्राहकों ने जबरन सिलेंडर देने का दबाव बनाना शुरू कर दिया था। संभावित अनहोनी की आशंका को देखते हुए एजेंसी कर्मियों ने कुछ समय के लिए एजेंसी बंद कर दी थी। बाद में पुलिस के पहुंचने पर एजेंसी को दोबारा खोला गया और ग्राहकों के केवाईसी तथा सिलेंडर डिलीवरी की प्रक्रिया फिर से शुरू कर दी गई।


फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में एजेंसी पर स्थिति सामान्य बताई जा रही है और ग्राहकों को क्रमवार तरीके से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।

अनिल की रिपोर्ट