Chhath Mahaparv 2025 : उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ 28 अक्टूबर को होगा छठ महापर्व का समापन, जानिए बिहार सबसे पहले कहाँ होगा सूर्यास्त और सूर्योदय

Chhath Mahaparv 2025 : उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ 28 अ

PATNA : लोक आस्था का महापर्व छठ पूरे देश में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। चार दिवसीय इस महापर्व की शुरुआत शनिवार, 25 अक्टूबर को 'नहाय-खाय' के साथ हो चुकी है। इसके बाद, पर्व का दूसरा दिन यानी आज, खरना है। इस दिन व्रतियों ने तन और मन से शुद्ध होकर छठी मैया का विशेष प्रसाद (खीर और रोटी) तैयार किया। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का कठोर निर्जला उपवास शुरू हो गया है।

संध्या और उषा अर्घ्य का समय

छठ महापर्व के तीसरे दिन यानी सोमवार, 27 अक्टूबर की शाम को व्रती नदी या तालाब के घाटों पर पहुंचकर डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगी। वहीं, चौथे और अंतिम दिन मंगलवार, 28 अक्टूबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही यह महापर्व संपन्न हो जाएगा।

बिहार के 38 जिलों में सूर्यास्त और सूर्योदय का अनुमानित समय

मौसम विभाग और स्थानीय पंचांगों के आकलन के अनुसार, बिहार के सभी 38 जिलों में अर्घ्य का समय अलग-अलग रहेगा, लेकिन एक सामान्य अनुमान है की संध्या अर्घ्य (27 अक्टूबर): पूरे बिहार में सूर्यास्त का समय शाम 5:01 बजे से 5:18 बजे के बीच रहेगा। वहीँ कुछ प्रमुख जिलों में सूर्यास्त का समय (27 अक्टूबर): पटना: शाम 5:11 बजे, भागलपुर: शाम 5:04 बजे, मुजफ्फरपुर: शाम 5:10 बजे, पूर्णिया: शाम 5:02 बजे, गया: शाम 5:11 बजे, पश्चिमी चंपारण: शाम 5:12 बजे और अररिया में 5 बजकर 01 मिनट पर सूर्यास्त होगा। 

यहाँ होगा सबसे पहले सूर्योदय

वहीँ पूरे बिहार में सूर्योदय का समय सुबह 5:45 बजे से 6:01 बजे के बीच होगा। कुछ प्रमुख जिलों में सूर्योदय का समय (28 अक्टूबर): पटना: सुबह 5:55 बजे, भागलपुर: सुबह 5:47 बजे, मुजफ्फरपुर: सुबह 5:54 बजे, पूर्णिया: सुबह 5:46 बजे, गया: सुबह 5:55 बजे और पश्चिमी चंपारण: सुबह 5:59 बजे और कटिहार में 5 बजकर 45 मिनट पर सुबह होगा।