मुख्यमंत्री सम्राट ने कांटी विधायक ई. अजीत के निमंत्रण को किया स्वीकार : अगस्त के पहले हफ्ते में कांटी का दौरा करेंगे सीएम
Patna : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से सोमवार को राज्य के पूर्व मंत्री और कांटी के विधायक ई. अजीत कुमार ने पटना स्थित लोक सेवक आवास पर मुलाकात की। इस शिष्टाचार मुलाकात के दौरान विधायक अजीत कुमार ने मुख्यमंत्री को अपने विधानसभा क्षेत्र कांटी आने का भावभीनी निमंत्रण दिया, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार कर लिया। मुख्यमंत्री ने आगामी अगस्त माह के प्रथम सप्ताह में कांटी आने की अपनी आधिकारिक स्वीकृति दे दी है।
स्वर्गीय गया चौधरी की प्रतिमा का करेंगे अनावरण: हाई स्कूल मैदान में होगी जनसभा
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए विधायक अजीत कुमार ने बताया कि इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कांटी स्थित गया चौधरी वाचनालय परिसर पहुंचेंगे। वहां वे विधायक के पिता, प्रख्यात शिक्षाविद स्वर्गीय गया चौधरी की आदमकद प्रतिमा का अनावरण करेंगे। प्रतिमा अनावरण के इस मुख्य कार्यक्रम के उपरांत, मुख्यमंत्री कांटी हाई स्कूल के ऐतिहासिक मैदान में एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जिसकी तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं।
कांटी के विकास पर विस्तृत चर्चा: थर्मल पावर में दो नए प्लांट लगाने की मांग
मुलाकात के दौरान विधायक अजीत कुमार ने मुख्यमंत्री के सामने कांटी क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण और लंबित मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। विधायक ने मुख्यमंत्री से विशेष रूप से आग्रह किया कि कांटी थर्मल पावर (Kanti Thermal Power) की क्षमता बढ़ाने के लिए 500 मेगावाट के दो अतिरिक्त प्लांट लगाने की अनुशंसा केंद्र सरकार से की जाए। इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र में बिजली की स्थिति और बेहतर होगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
प्रशासनिक बदलाव की मांग: कांटी और मड़वन को पूर्वी अनुमंडल से जोड़ने का आग्रह
इसके अलावा, विधायक ने कांटी और मड़वन प्रखंड के भौगोलिक और प्रशासनिक सरलीकरण का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया। उन्होंने दोनों क्षेत्रों को वर्तमान पश्चिमी अनुमंडल से हटाकर पूर्वी अनुमंडल में जोड़ने की पुरजोर मांग की, ताकि स्थानीय जनता को प्रशासनिक कार्यों के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े। साथ ही, उन्होंने कांटी क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण और जर्जर ग्रामीण सड़कों को जनहित में पीडब्ल्यूडी (PWD) द्वारा अधिग्रहण कराकर जल्द से जल्द उनका निर्माण कराने का भी अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री का मिला आश्वासन: मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी सरकार
विधायक अजीत कुमार द्वारा उठाए गए कांटी और मड़वन के इन तमाम जनहित के मुद्दों को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बेहद गंभीरता से सुना। मुख्यमंत्री ने विधायक को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार क्षेत्र के चौमुखी विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कांटी थर्मल पावर के विस्तार, सड़कों के निर्माण और अनुमंडल परिवर्तन जैसी सभी जायज मांगों पर नियमानुकूल और सकारात्मक विचार करने का ठोस आश्वासन दिया है।
नरोत्तम की रिपोर्ट