चौकीदारों के दर्द पर चिराग की हुंकार- 'सुधार के नाम पर आजीविका से खिलवाड़ स्वीकार नहीं, गृह मंत्री और CM के सामने खुलेगी अफसरों की पोल!
चौकीदार-दफादार कर्मियों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर चिराग पासवान ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने इस मामले में सांसद अरुण भारती के नेतृत्व में एक जांच दल को गृह मंत्री से मिलने और स्वयं मुख्यमंत्री से मिलकर दोषियों पर कार्रवाई कराने का ऐलान किया है।
Patna - : पटना में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे चौकीदार-दफादार कर्मियों पर हुए लाठीचार्ज ने बिहार की सियासत गरमा दी है। केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे 'असंवेदनशील' करार दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनकी पार्टी इस दमनकारी कार्रवाई के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी और जल्द ही सांसदों का एक दल गृह मंत्री से मिलकर न्याय की गुहार लगाएगा।
"गांवों की सुरक्षा की रीढ़ पर लाठीचार्ज दुखद" - चिराग पासवान
चिराग पासवान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा कि चौकीदार और दफादार गांवों की सुरक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं। अपनी जायज मांगों के लिए आवाज उठा रहे इन वफादार कर्मियों पर लाठीचार्ज करना बेहद दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि किसी भी संवेदनशील व्यवस्था में बल प्रयोग के जरिए आवाज दबाना स्वीकार्य नहीं है।
सांसद अरुण भारती के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल करेगा मुलाकात
मामले को गंभीरता से लेते हुए चिराग पासवान ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि सांसद अरुण भारती के नेतृत्व में पार्टी का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल बिहार के माननीय उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री से शीघ्र भेंट करेगा। यह दल एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर चौकीदारों की सेवा-संबंधी समस्याओं के स्थायी समाधान और लाठीचार्ज के दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग करेगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से खुद मिलेंगे चिराग
केंद्रीय मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि वे स्वयं भी इस विषय पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात करेंगे। चिराग पासवान ने कहा, "मैं मुख्यमंत्री जी से मिलकर चौकीदार-दफादार साथियों की आजीविका, सामाजिक सुरक्षा और उनके सम्मान की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह करूंगा।" उन्होंने जोर देकर कहा कि सुधार के नाम पर परिवारों की गरिमा से समझौता स्वीकार्य नहीं है।
आजीविका और सम्मान से समझौता नहीं
पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी कुंदन कुमार द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, चिराग पासवान का मानना है कि गांवों की सुरक्षा करने वालों का भविष्य सुरक्षित रखना सरकार की सामूहिक जिम्मेदारी है। लोजपा (रा) ने साफ कर दिया है कि वह इन कर्मियों के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।