कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन का असर! पटना से दिल्ली जाने वाली तेजस, संपूर्णक्रांति, अमृत भारत सहित कई ट्रेनें आज रद्द
रेलवे के कोचिंग निदेशालय की ओर से 9 अक्टूबर को जारी आदेश के मुताबिक, 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद शुरुआती स्टेशन से रवाना होने वाली उन ट्रेनों को रद्द किया गया है, जिन्हें 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली आना है
Bihar News : दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन का असर बिहार के रेल यात्रियों की आवाजाही पर भी पड़ने वाला है। प्रदर्शन को देखते हुए भारतीय रेलवे ने नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचने वाली कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को 9 अक्टूबर से ही रद्द करने का फैसला लिया है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। ऐसे में दिल्ली जाने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लेने की सलाह दी गई है।
रेलवे के कोचिंग निदेशालय की ओर से 9 अक्टूबर को जारी आदेश के मुताबिक, 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद शुरुआती स्टेशन से रवाना होने वाली उन ट्रेनों को रद्द किया गया है, जिन्हें 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचना था। रेलवे ने यह फैसला दिल्ली के मध्य इलाके में भारी ट्रैफिक जाम की आशंका को देखते हुए लिया है।
पटना से दिल्ली जाने वाली इन ट्रेनों पर असर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रद्द की गई ट्रेनों में ये प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं: मुंबई राजधानी एक्सप्रेस: 22221, तेजस राजधानी एक्सप्रेस: 12309, संपूर्ण क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस: 12393, अमृत भारत एक्सप्रेस: 22361 शामिल है . इन ट्रेनों में टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को यात्रा से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम (NTES) या रेलवे हेल्पलाइन के माध्यम से स्थिति की पुष्टि कर लेनी चाहिए।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं
दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी के 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। संयुक्त पुलिस आयुक्त नुपुर प्रसाद ने बताया कि प्रदर्शन के लिए आवेदन 7 अक्टूबर को मिला था, जबकि प्रस्तावित कार्यक्रम की तारीख 10 अक्टूबर थी। पुलिस के मुताबिक, निर्धारित प्रक्रिया के तहत कम से कम 10 दिन पहले अनुमति के लिए आवेदन किया जाना चाहिए।
पुलिस ने यह भी कहा कि पूर्व में अनुमति मिलने पर पार्टी ने नियमों और अपनी प्रतिबद्धताओं का उल्लंघन किया था। नई दिल्ली इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इसके उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह
प्रदर्शन के मद्देनजर रेलवे ने संबंधित समयावधि में दिल्ली पहुंचने वाली कई ट्रेनों को शुरुआती स्टेशन से ही रद्द करने का फैसला लिया है। इससे बिहार समेत दूसरे राज्यों से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की यात्रा प्रभावित हो सकती है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जांच लें और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था करें।