Bihar News: सीएम नीतीश ने वैभव सूर्यवंशी को दी बधाई, कैमूर के वीर बालक कमलेश को किया नमन, मरणोपरांत मिला सम्मान

Bihar News: सीएम नीतीश ने वैभव सूर्यवंशी को बधाई दी है तो वहीं उन्होंने कैमूर के वीर बालक कमलेश को नमन किया। कमलेश को मरणोपरांत प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मान मिला है।

सीएम नीतीश
सीएम नीतीश ने दी शुभकामनाएं - फोटो : social media

Bihar News:  बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के प्रतिभावान क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही कैमूर जिले के 11 वर्षीय वीर बालक कमलेश को मरणोपरांत प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार दिए जाने पर नमन किया है। सीएम नीतीश ने सोशल मीडिया पर ट्विट कर अपनी भवनाएं व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैभव इसी तरह नई उपलब्धियां हासिल कर नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनें। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सीएम नीतीश ने दी बधाई 

वहीं मुख्यमंत्री ने कैमूर जिले के दुर्गापुर गांव के 11 वर्षीय वीर बालक कमलेश कुमार को मरणोपरांत यह सम्मान दिए जाने पर उनके अदम्य साहस को नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्गावती नदी में डूबते एक अन्य बच्चे की जान बचाने के प्रयास में कमलेश ने अपने प्राणों की आहुति दी। उनका यह बलिदान मानवता, निस्वार्थ सेवा और साहस का अद्वितीय उदाहरण है। साथ ही मुख्यमंत्री ने इस पुरस्कार से सम्मानित सभी साहसी बालकों और विजेताओं को भी शुभकामनाएं दीं।

राष्ट्रपति भवन में हुआ सम्मान समारोह

बता दें कि, नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में शुक्रवार को आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार प्रदान किए। 14 वर्षीय वैभव को खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यह पुरस्कार राष्ट्रपति भवन में प्रदान किया। वहीं कैमूर के मोहनियां प्रखंड अंतर्गत जयपुर भदवलिया गांव के दिवंगत वीर बालक कमलेश कुमार की ओर से यह पुरस्कार उनके पिता दुखी जायसवाल ने ग्रहण किया। इस अवसर पर कमलेश की बड़ी बहन सुनैना भी मौजूद रहीं।

कमलेश ने दी प्रणों की आहुति

गौरतलब है कि 25 जुलाई को 11 वर्षीय कमलेश कुमार ने दुर्गावती नदी में डूबते एक बच्चे को बचाने के लिए बिना अपनी जान की परवाह किए नदी में छलांग लगा दी थी। इस साहसिक प्रयास में उन्होंने अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनका यह कृत्य आज पूरे देश के लिए साहस, करुणा और मानवता की मिसाल बन चुका है।

वैभव सूर्यवंशी को खेल क्षेत्र में मिला सर्वोच्च बाल सम्मान

वहीं उभरते हुए भारतीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 5 से 18 वर्ष की आयु के बच्चों को खेल, बहादुरी, नवाचार, विज्ञान, समाज सेवा और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धियों के लिए दिया जाता है। इस वर्ष देशभर से कुल 20 बच्चों का चयन इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए किया गया, जिनमें वैभव सूर्यवंशी और कमलेश भी शामिल हैं।

राष्ट्रपति ने की बच्चों की सराहना

सम्मान समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सभी पुरस्कार विजेता बच्चों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि इन बच्चों की उपलब्धियां पूरे देश को प्रेरित करती हैं और हर सम्मानित बच्चा समान रूप से महत्वपूर्ण है। राष्ट्रपति ने बच्चों की सफलता का श्रेय उनके माता-पिता और परिवारों को भी दिया।