Bihar News: सीएम नीतीश ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल का लिया जायजा, इस दिन तक पूरा होगा काम

Bihar News:

सीएम नीतीश
कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल - फोटो : reporter

Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल परियोजना के निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस परियोजना को तेजी से पूरा किया जा रहा है। बचे हुये कार्य को अप्रैल माह तक पूर्ण कर लिया जायेगा। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर gge 6 लेन गंगा पुल परियोजना के बचे हुये कार्यों को तेजी से पूर्ण करें। साथ-साथ पहुँच पथ का भी निर्माण कार्य पूर्ण करें ताकि आवागमन निर्बाध और सुचारू रूप से हो सके।

पटना से राघोपुर तक यात्रा जारी 

उन्होंने कहा कि कच्ची दरगाह बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल परियोजना के पूर्ण होने से इस क्षेत्र के लोगों को राजधानी पटना से निर्बाध सड़क सम्पर्कता मिलेगी। इस क्षेत्र में कृषि, उद्योग सहित अन्य व्यवसायों का और तेजी से विकास होगा। आकस्मिक चिकित्सा की स्थिति में इलाज के लिये पटना पहुँचने में मरीजों को भी काफी सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल परियोजना के प्रथम चरण के लोकार्पण के बाद पटना से राघोपुर तक की सम्पर्कता बहाल हो चुकी है। इस परियोजना के निर्माण कार्य का नियमित निरीक्षण करते रहे हैं और इसे जल्द पूरा करने के लिये अधिकारियों को निर्देशित करते रहे हैं।

गांधी सेतु पर कम होगा भार 

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से महात्मा गांधी सेतु पर भी यातायात का भार कम होगा तथा उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार की सम्पर्कता के लिये लोगों को एक और वैकल्पिक मार्ग मिलेगा, जिससे आवागमन और सुगम होगा। इस पुल के निर्माण से पटना शहर के बाहर से ही लोग उत्तर बिहार के विभिन्न जगहों पर आसानी के साथ आवागमन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे से कच्ची दरगाह बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल परियोजना जुड़ेगा, जिससे समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी की तरफ जानेवाले लोगों को काफी सहूलियत होगी और समय की बचत होगी। उन्होंने कहा कि हमलोग राज्य में गुणवत्तापूर्ण सड़कों एवं पुलों का लगातार निर्माण कर आवागमन को सुगम बना रहे हैं।

द्वितीय चरण में पूरा होगा काम 

ज्ञातव्य है कि मुख्यमंत्री द्वारा 23 जून 2025 को कच्ची दरगाह (पटना) से राघोपुर दियारा (वैशाली) तक नवनिर्मित पथांश का उ‌द्घाटन किया गया था। पटना जिला अन्तर्गत राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-30 पर अवस्थित कच्ची दरगाह एवं वैशाली जिला अन्तर्गत राष्ट्रीय उच्च पथ सख्या-103 पर अवस्थित बिदुपुर के बीच गंगा नदी पर कुल 19.76 कि०मी० लम्बाई के 6 लेन ग्रीन फिल्ड पुल परियोजना का निर्माण किया जा रहा है। इसके अन्तर्गत 9.76 कि०मी० लम्बा पुल तथा 10 कि०मी० लम्बा पहुंच पथों का निर्माण कार्य होना है। प्रथम चरण में कच्ची दरगाह, पटना से राघोपुर दियारा, वैशाली (कुल लम्बाई 4.57 कि०मी०) का उद्घाटन हो चुका है। द्वितीय चरण में हाजीपुर-महनार पथ (एन०एच०-122बी) से चकसिकन्दर (एन०एच०-322) तक तथा तृतीय चरण में राघोपुर दियारा से हाजीपुर-महनार पथ (एच०एच०-122बी) का निर्माण किया जा रहा है।

ये अधिकारी रहे मौजूद 

निरीक्षण के दौरान जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह सांसद संजय कुमार झा, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ० चंद्रशेखर सिंह, बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक, पटना जिला के जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन एस०एम०, वैशाली जिला की जिलाधिकारी वर्षा सिंह, पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के० शर्मा, वैशाली जिला के पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग सहित वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

पटना से रंजन की रिपोर्ट