Bihar Cabinet Meeting: सीएम नीतीश ने बुलाई कैबिनेट मीटिंग, इन दिन मंत्रियों के साथ करेंगे 'आखिरी बैठक', सियासी पारा हाई
Bihar Cabinet Meeting: सीएम नीतीश ने कैबिनेट की बैठक बुलाई है। माना जा रहा है कि यह नीतीश कुमार का सीएम रहते हुए आखिरी बैठक हो सकती है। बैठक मुख्य सचिवालय में होगी।
Bihar Cabinet Meeting: बिहार की राजनीति इन दिनों बड़े बदलाव की ओर है। 20 सालों से बिहार के सीएम पद पर रहे नीतीश कुमार अब बिहार छोड़कर जाने वाले हैं। नीतीश कुमार और सीएम कुर्सी का नाता इन 20 सालों में ऐसा रहा कि सरकार किसी का हो सीएम तो नीतीश ही होते थे, लेकिन अब नीतीश कुमार के पास से यह पद बीजेपी के हाथों में जा रहा है जिसको लेकर सियासी हलचल तेज है। इसी बीच सूत्रों से जानकारी मिल रही है कि सीएम नीतीश ने कैबिनेट बैठक बुला ली है। अब चर्चा तेज है कि यह बैठक नीतीश कुमार की मुख्यमंत्री के तौर पर आखिरी बैठक हो सकती है।
सीएम नीतीश ने बुलाई कैबिनेट बैठक
जानकारी अनुसार सीएम नीतीश ने बुधवार-8 अप्रैल को कैबिनेट की बैठक बुलाई है। सूत्रों के अनुसार, यह उनके कार्यकाल की आखिरी कैबिनेट बैठक हो सकती है। बैठक मुख्य सचिवालय में होगी, जिसमें सभी मंत्री और उपमुख्यमंत्री शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि इस बैठक में कई महत्वपूर्ण एजेंडों पर मुहर लगाई जा सकती है। हालांकि आमतौर पर कैबिनेट बैठक हर मंगलवार को होती है, लेकिन इस बार बैठक का समय और राजनीतिक परिस्थितियां इसे खास बना रही हैं।
दिल्ली दौरे पर जाएंगे सीएम नीतीश
बता दें कि हाल ही में जानकारी सामने आई थी कि सीएम नीतीश 9 अप्रैल को जदयू के साथ बैठक करेंगे और उसी दिन दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। जानकारी अनुसार 10 अप्रैल को सीएम नीतीश राज्यसभा के सदस्य के रुप में शपथ लेंगे। बता दें राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद सीएम नीतीश ने विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। वहीं शपथ ग्रहण करने के बाद सीएम नीतीश बीजेपी के दिग्गज नेताओं से भी मुलाकात कर सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से उनकी मुलाकात हो सकती है।
14 को मिल जाएगा नया मुख्यमंत्री!
वहीं इसके बाद सीएम नीतीश बिहार वापस लौटेंगे। सूत्रों की मानें तो 13 या 14 अप्रैल को नीतीश कुमार सीएम पद से इस्तीफा दे सकते हैं। साथ ही 14 अप्रैल को एनडीए विधायक दल की बैठक होग और नए नेता का चुनाव होगा जो बिहार का अगला सीएम बनेगा। एनडीए में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी होने के कारण नए मुख्यमंत्री का चयन भाजपा से होने की संभावना जताई जा रही है। संभावित नामों में सम्राट चौधरी, नित्यानंद राय, विजय सिन्हा, श्रेयसी सिंह सहित कई नाम शामिल हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फरवरी के बाद सीधी अप्रैल में बैठक
गौरतलब हो कि, इस साल फरवरी में आखिरी बार कैबिनेट बैठक हुई थी। 20 फरवरी को हुई बैठक में 35 एजेंडों पर मुहर लगी थी। उसके बाद यह पहली बैठक है, जो लंबे अंतराल के बाद हो रही है। ऐसे में इसे संभावित “आखिरी बैठक” के रूप में देखा जा रहा है। बहरहाल, सीएम नीतीश 2005 से लगातार बिहार की सत्ता संभाल रहे हैं। उनके कार्यकाल में सड़क, बिजली और शिक्षा के क्षेत्र में कई सुधार हुए। अब बिहार की राजनीति में नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है।