वीसी आवास पर जमकर बरसे बम,आधीं रात के अंधेरे में बदमाशों का तांडव, हमलावर फरार
Bihar Crime News: बदमाशों ने सीधे वीसी आवास को निशाना बनाते हुए गेट पर बम फेंक दिया। ...
Bihar Crime News:बिहार में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देता नजर आया। मुजफ्फरपुर विश्वविद्यालय थाना इलाके में देर रात ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला, जब बदमाशों ने सीधे वीसी आवास को निशाना बनाते हुए गेट पर सूतरी बम फेंक दिया। यह वारदात भले हल्की तबाही वाली रही हो, लेकिन इसके पीछे छिपा खतरनाक इरादा पूरे सिस्टम को सन्न कर देने वाला है।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात के सन्नाटे में स्कूटी सवार बदमाश फिल्मी अंदाज में पहुंचे और बिना वक्त गंवाए गेट पर बम फेंककर फरार हो गए। धमाके की आवाज से आसपास का इलाका दहल उठा और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। गनीमत रही कि इस हमले में किसी तरह का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन सवाल ये उठता है कि आखिर वीसी आवास जैसे हाई सिक्योरिटी जोन तक अपराधियों की पहुंच कैसे हो गई?
घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आ गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पूरे इलाके को घेरकर छानबीन शुरू की। साथ ही FSL की टीम को भी बुलाया गया, जो वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने में लगी है। हर एंगल से इस साजिश की तह तक जाने की कोशिश की जा रही है।
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। पुलिस आसपास लगे CCTV फुटेज को खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान हो सके।
इस वारदात ने कई तीखे सवाल खड़े कर दिए हैं क्या शहर में अपराधियों का हौसला इतना बुलंद हो गया है कि अब वे सीधे वीआईपी ठिकानों को निशाना बना रहे हैं? या फिर यह किसी बड़ी साजिश का ट्रेलर है? फिलहाल, मुजफ्फरपुर की फिजा में खौफ और शक का धुआं तैर रहा है। लोग यही पूछ रहे हैं जब वीसी आवास सुरक्षित नहीं, तो आम आदमी की हिफाजत किसके जिम्मे? पुलिस के लिए यह मामला अब सिर्फ एक केस नहीं, बल्कि साख बचाने की जंग बन चुका है।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा