एक्शन मोड में नीतीश कुमार: अचानक जदयू दफ्तर पहुंचे मुख्यमंत्री, विजय चौधरी और अशोक चौधरी के साथ किया औचक निरीक्षण
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को अचानक पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय पहुंचे। उन्होंने मंत्रियों के साथ कार्यालय परिसर का निरीक्षण किया और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
Patna - मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अचानक वीरचंद पटेल पथ स्थित जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जिससे वहां मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं में खलबली मच गई। कार्यालय पहुंचने पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया, जिसके बाद उन्होंने सीधे संगठन के कामकाज और परिसर का जायजा लिया।
परिसर का निरीक्षण और मंत्रियों को निर्देश
मुख्यमंत्री ने कार्यालय के मुख्य भाग के साथ-साथ पीछे वाले हिस्से का भी गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ मंत्री विजय कुमार चौधरी और मंत्री अशोक चौधरी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान नीतीश कुमार ने दोनों मंत्रियों को कार्यालय के रख-रखाव और व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद
अपने 10 मिनट के प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने कार्यकर्ताओं की बातें सुनीं और संगठन की मजबूती पर चर्चा की। कार्यकर्ताओं से मिलने और फीडबैक लेने के बाद मुख्यमंत्री अपने आवास के लिए रवाना हो गए।
रणनीति का हिस्सा है औचक दौरा
राजनीतिक गलियारों में मुख्यमंत्री के इस औचक दौरे को संगठन को सक्रिय करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। अचानक कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री ने यह संदेश दिया है कि वे न केवल सरकार बल्कि पार्टी संगठन की गतिविधियों पर भी पैनी नजर रख रहे हैं।