नीट पेपर लीक पर पटना में कांग्रेस का महाप्रदर्शन: सांसद पप्पू यादव भी हुए शामिल, केंद्रीय शिक्षा मंत्री का फूंका पुतला

नीट (NEET-UG) परीक्षा में हुई धांधली और पेपर लीक मामले को लेकर मंगलवार को बिहार कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने राजधानी पटना में सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान नेताओं ने केन्द्रीय शिक्षा मंत्री इस्तीफे की मांग की...

नीट पेपर लीक पर पटना में कांग्रेस का महाप्रदर्शन: सांसद पप्प
नीट पेपर लीक पर पटना में कांग्रेस का महाप्रदर्शन- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna : नीट (NEET-UG) परीक्षा में हुए कथित पेपर लीक और धांधली के विरोध में राजधानी पटना की सड़कों पर बिहार कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जोरदार और उग्र प्रदर्शन किया। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम की अध्यक्षता में आयोजित इस विरोध मार्च के दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन (अर्थी फूंकी) किया और उनसे नैतिक आधार पर तत्काल पद से इस्तीफा देने की मांग की।


प्रदर्शन में पहुंचे सांसद पप्पू यादव, केंद्र सरकार को घेरा

इस बड़े राजनीतिक प्रदर्शन में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव भी शामिल हुए, जिससे आंदोलन को और बल मिला। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि देश के लाखों होनहार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, लेकिन बैरिकेडिंग को दरकिनार कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध दर्ज कराया और पेपर लीक मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में निष्पक्ष जांच कराने की मांग दोहराई।


'यह पेपर लीक सरकार है': प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम का तीखा हमला

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, "यह पूरी तरह से 'पेपर लीक सरकार' बन चुकी है। इस सरकार के कार्यकाल में लगभग हर बड़ी प्रतियोगी परीक्षा के पेपर लीक हो जाना आम बात हो गई है। यह सिर्फ एक परीक्षा का सवाल नहीं है, बल्कि देश के करोड़ों गरीब और मध्यमवर्गीय छात्रों के भविष्य और उनकी कड़ी मेहनत के साथ किया जा रहा भद्दा खिलवाड़ है।"


छात्रों के भविष्य की रक्षा के लिए आर-पार की लड़ाई का ऐलान

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि जब तक इस पूरे घोटाले के मुख्य दोषियों और इसके पीछे सक्रिय बड़े सिंडिकेट को सलाखों के पीछे नहीं भेजा जाता और प्रभावित छात्रों को न्याय नहीं मिलता, तब तक उनका यह आंदोलन थमने वाला नहीं है। पार्टी इस मुद्दे को संसद से लेकर सड़क तक पुरजोर तरीके से उठाएगी। 

नरोत्तम की रिपोर्ट