Bihar Politics: 'राहुल गांधी का अपमान बर्दाश्त नहीं', कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन का दो टूक, कहा- शकील अहमद की मानसिक स्थिति खराब
Bihar Politics: अभिषेक रंजन ने कहा कि जिस व्यक्ति को कांग्रेस पार्टी ने वह हर सम्मान दिया, जो कोई पार्टी अपने नेता को दे सकती है, उसी व्यक्ति द्वारा आज राहुल गांधी का विरोध किया जा रहा है, यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
Bihar Politics: कांग्रेस विधायक और युवा कांग्रेस के महासचिव अभिषेक रंजन ने पूर्व केंद्रीय मंत्री शकील अहमद के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ कहा कि राहुल गांधी का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभिषेक रंजन ने कहा कि राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता उनके साथ मजबूती से खड़ा है।
शकील अहमद की मानसिक स्थिति खराब
शकील अहमद के ट्वीट पर पलटवार करते हुए अभिषेक रंजन ने कहा कि उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वे अनाप-शनाप बयान दे रहे हैं। इसी के विरोध में आज कांग्रेस और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता पटना में शकील अहमद का पुतला दहन करेंगे।
पार्टी को नहीं दिया सम्मान
अभिषेक रंजन ने कहा कि जिस व्यक्ति को कांग्रेस पार्टी ने वह हर सम्मान दिया, जो कोई पार्टी अपने नेता को दे सकती है, उसी व्यक्ति द्वारा आज राहुल गांधी का विरोध किया जा रहा है, यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में अगर देश में कोई नेता सबसे ज्यादा मुखर होकर सरकार के खिलाफ विपक्ष की भूमिका निभा रहा है तो वह राहुल गांधी हैं।
राहुल गांधी को कोई गलत बोलेगा तो...
उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल निंदनीय है। पार्टी के किसी भी बड़े नेता के खिलाफ अगर कोई गलत बोलेगा तो कांग्रेस कार्यकर्ता उसके खिलाफ खड़े होंगे। अभिषेक रंजन ने दो टूक कहा कि शकील अहमद जिस तरह की भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, वह यह दर्शाता है कि आज की तारीख में उनका मानसिक संतुलन ठीक नहीं है।
पटना से नरोत्तम की रिपोर्ट