बिहार में साइबर अपराधियों पर कसेगा शिकंजा, शुरू होगा 'साइबर प्रहरार 5.0' अभियान, चिन्हित किए गए 1.09 लाख से अधिक म्यूल बैंक खाते

Bihar News : बिहार में साइबर अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के उद्देश्य से अब नए चरण में 'साइबर प्रहरार 5.0' अभियान की शुरुआत की जा रही है।

बिहार में साइबर अपराधियों पर कसेगा शिकंजा, शुरू होगा 'साइबर
साइबर अपराधियों पर शिकंजा - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : राज्य में साइबर अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस महकमा की साइबर इकाई के स्तर से निरंतर अभियान जारी है। इसी क्रम में राज्य में साइबर प्रहरार 5.0 अभियान शुरू किया जा रहा है। साइबर अपराध में शामिल 1 लाख 9 हजार 475 बैंक खातों को चिन्हित किया गया है। इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नए स्तर से चलाए जा रहे साइबर प्रहरार अभियान 5.0 के अंतर्गत करने की तैयारी है। यह जानकारी साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई के आईजी रंजीत कुमार मिश्रा ने दी। वे शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय सरदार पटेल भवन स्थित सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जल्द ही पटना जिले में एक और साइबर थाना स्थापित किया जाएगा। इसे लेकर व्यापक स्तर पर पहल शुरू कर दी गई है। आईजी मिश्रा ने कहा कि सभी जिलों में मौजूद इन म्यूल बैंक खातों में 72 करोड़ 53 लाख रुपये जमा हैं। सभी 38 जिलों में अलग-अलग बैंकों से संबंधित इन म्यूल बैंक खातों को चिन्हित किया गया है। सबसे ज्यादा पटना जिले में 14 हजार 644 ऐसे बैंक खाते मौजूद हैं। इसके अलावा गया में 6 हजार 172, मुजफ्फरपुर में 4 हजार 244, नालंदा में 4 हजार 146, भागलपुर में 4 हजार 197, पश्चिम चंपारण में 3 हजार 945, सीवान में 3 हजार 859, वैशाली में 3 हजार 441 और औरंगाबाद में 3 हजार 326 म्यूल बैंक एकाउंट हैं। बिहार में नवादा, नालंदा, पटना जैसे जिले ऐसे हैं, जहां साइबर अपराध की संख्या सर्वाधिक है। 

साइबर प्रहरार- 4.0 एवं 4.1 में की गई यह कार्रवाई

आईजी ने कहा कि इससे पहले बिहार में साइबर अपराध के खिलाफ प्रहरार 4.0 एवं 4.1 अभियान चलाए गए थे। इसके तहत सितंबर और अक्टूबर महीने में बड़ी संख्या में कार्रवाई की गई है। इसके अंतर्गत 47 हजार 659 शिकायतें दर्ज की गईं, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर दर्ज शिकायतों की संख्या 5 लाख 69 हजार 160 है। इसी तरह बिहार में  साइबर धोखाधड़ी के माध्यम से 121 करोड़ 26 लाख रुपये की गड़बड़ी की गई, जिसमें 36 करोड़ 94 लाख रुपये को होल्ड करा लिया गया है। यह कुल साइबर फ्राड की राशि का 30.46 प्रतिशत है। इसमें 8 करोड़ 4 लाख रुपये रिफंड भी किया गया है। इसी तरह राष्ट्रीय स्तर पर इस अवधि में 3 हजार 503 करोड़ रुपये की राशि साइबर फ्रॉड के माध्यम से ठगी की गई है। इसमें 993 करोड़ रुपये होल्ड कराए गए, जो ठगी गई कुल राशि का 28.35 प्रतिशत है। इसमें 57 करोड़ रुपये अब तक लोगों को लैटा दिए गए हैं। इस तरह बिहार राशि को होल्ड कराने में राष्ट्रीय औसत से आगे है। उन्होंने कहा कि बिहार में साइबर फ्रॉड से संबंधित 11 लाख 40 हजार फोन कॉल आए। 

साइबर अपराधियों पर कार्रवाई 

मिश्रा ने कहा कि साइबर प्रहरार-4.0 के अंतर्गत 3 हजार 177 संदिग्ध म्यूल एकाउंट को चिन्हित कर 15 एफआईआर दर्ज की गई और 7 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। 448 साइबर अपराधियों को नोटिस दिया गया। इसी तरह प्रहरार- 4.1 के अंतर्गत बिहार में शामिल 1226 संदिग्ध म्यूल एकाउंट को चिन्हित किया गया। 17 एफआईआर दर्ज की गई और 12 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा 6 सिम बिक्रेता (पीओएस) को गिरफ्तार किया गया है। 385 मोबाइल सिम और 442 मोबाइल सेट को ब्लॉक कराया गया है। उन्होंने कहा कि सितंबर से अक्टूबर के बीच सोशल मीडिया पर 2172 आपत्तिजनक पोस्ट को टेक-डॉउन कराए गए तथा 549 सोशल मीडिया एकाउंट आईडी को डिलिट कराए गए हैं। आईजी ने बताया कि साइबर अपराध से जुड़े मामलों की जांच पूरे सशक्त तरीके से कराने के लिए 278 पुलिस पदाधिकारियों या कर्मचारियों को साइबर संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। इस दौरान 1955 स्कूलों, कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों एवं राज्य के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम का संचालन किया गया। 

बिहार में साइबर जागरूकता के लिए खास पहल

आईजी ने बताया कि सुधा डेयरी के दुध के पैकेट पर “साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें“ अंकित कराकर प्रतिदिन करीब 20 लाख लोगों या घरों तक जागरूकता पहुंचाया जा रहा है। इसके अलावा बिजली बिलों पर भी यही संदेश लिखा होगा। एफएम रेडियो चैनलों ऑल इंडिया रेडिया, रेडियो मिर्ची, विविध भारती, एफएम रेडियो के माध्यम से 75 सेकंड का साइबर जागरूकता संबंधित जिंगल्स 15 दिनों तक प्रसारित कराया गया। समाचार पत्रों में साइबर जागरूकता से संबंधित 30 पोस्टर प्रकाशित कराए गए। विभिन्न डिजिटल माध्यम से साइबर जागरूकता का प्रसार 18 लाख 66 हजार 445 लोगों तक पहुंच बनाई गई। उन्होंने कहा कि हैकॉथन का आयोजन कराया जा रहा है। इसमें 153 टीम ने भाग लिया। कई स्तर पर इसका आयोजन किया जा रहा है। 28 नवंबर को अंतिम परिणाम सामने आएगा।