Bihar News : मुख्यधारा से जुड़कर ही दलित समाज का होगा सशक्तिकरण, मंत्री संतोष सुमन ने कहा- अलगाववाद और नक्सलवाद नहीं है समाधान
Bihar News : बिहार सरकार के मंत्री संतोष सुमन ने कहा कि कतिपय लोगों ने दलित राजनीति को केवल मुख्यधारा से अलग खड़े रहने की संकीर्ण विचारधारा तक ही सीमित कर दिया है।
PATNA : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लघु जल संसाधन मंत्री बिहार सरकार डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि कुछ लोगों ने दलित राजनीति को मुख्यधारा से अलग खड़े रहने की विचारधारा तक सीमित कर दिया है। इतना ही नहीं, जो दलित नेता राष्ट्र की मुख्यधारा के साथ मिलकर समाज के विकास की राजनीति करते हैं, उनके विरुद्ध भी भ्रम और अविश्वास का वातावरण बनाया जाता है।
उन्होंने कहा की सच्चाई यह है कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा अन्य वंचित वर्गों को सबसे अधिक आवश्यकता मुख्यधारा से जुड़ने की है। शिक्षा, रोजगार, आर्थिक अवसर और राजनीतिक भागीदारी का विस्तार अलगाव से नहीं, बल्कि राष्ट्रीय विकास की धारा में सहभागी बनने से ही संभव है।
डॉ. सुमन ने कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने दलित समाज को अलग-थलग रहने का नहीं, बल्कि समान अधिकार, समान अवसर और सम्मान के साथ राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का मार्ग दिखाया था। अलगाववाद, उग्रवाद, नक्सलवाद और समाज को बांटने वाली विचारधाराएं कभी भी दलित और वंचित समाज के विकास का रास्ता नहीं बन सकतीं। इन रास्तों ने सबसे अधिक नुकसान गरीबों, दलितों और आदिवासियों को ही पहुंचाया है। समाज को संघर्ष नहीं, बल्कि शिक्षा, कौशल, उद्यमिता और अवसरों की आवश्यकता है।
उन्होंने दलित नौजवानों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी के बहकावे या राजनीतिक प्रयोग का हिस्सा न बनें। अपने भविष्य को शिक्षा, आत्मनिर्भरता, सामाजिक नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण से जोड़ें। जो शक्तियां दलित समाज को मुख्यधारा से अलग करने का प्रयास करती हैं, वे उसके विकास को बाधित करती हैं। दलित समाज का सम्मान, सशक्तिकरण और उज्ज्वल भविष्य मुख्यधारा के साथ कदम मिलाकर चलने में ही निहित है।