पटना के रूपसपुर में भू-माफियाओं का तांडव:जमीन विवाद में दनादन गोलियां चलीं, रोड़ेबाजी 2 घायल, 5 हिरासत में

पटना के रूपसपुर (कुसुमपुरम) में जमीन विवाद को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प और हवाई फायरिंग। घटना में 2 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक का इलाज ICU में चल रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 लोगों को हिरासत में लिया है और खोखा बरामद किया है।

Patna Kusumpuram colony land dispute
पटना के रूपसपुर में भू-माफियाओं का तांडव- फोटो : Reporter

बिहार की राजधानी पटना सहित कई इलाकों में भूमाफियाओं का आतंक लगातार बढ़ रहा है। ज़मीन पर अवैध कब्जा, बलपूर्वक खाली कराने की धमकी और आम जनता को परेशान करने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसी क्रम में दानापुर के रूपसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसुमपुरम कॉलोनी (नहर रोड) में गुरुवार को जमीन के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच अचानक हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से जमकर लाठी-डंडे चले और रोड़ेबाजी शुरू हो गई। इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया और दहशत फैल गई।


पुस्तैनी जमीन पर काम रोकने को लेकर शुरू हुआ विवाद

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि यह विवाद कौशल कुमार और विवेक कुमार के बीच चल रहा था। कौशल कुमार के अनुसार, उनकी पुस्तैनी जमीन पर गुरुवार को विवेक कुमार कुछ अन्य लोगों के साथ निर्माण या अन्य कार्य करा रहा था। जब वे इसका विरोध करने और रोकने पहुंचे, तो दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट और पत्थरबाजी शुरू कर दी।

पीड़ित का आरोप: 40-50 की संख्या में आए भू-माफियाओं ने किया हमला

पीड़ित पक्ष के सदस्य कमलेश कुमार के अनुसार चर्चित भूमाफिया और दबंग विवेक कुमार उर्फ़ छोटू और अनुपम कुमार जो पूर्व से भी जबरन ज़मीन पर अवैध कब्जा और सरकारी भूमि पर फर्जी दस्तावेजों के जरिये दखल करता है करीब 40 से 50 असामाजिक तत्व कि मौजूदगी में उनकी निजी संपत्ति व जमीन पर अवैध कब्जा करने पहुंचे थे। जब वे अपने भाई के साथ इसका विरोध करने पहुंचे, तो दबंगों ने उनके साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट शुरू कर दी और हवाई फायरिंग करते हुए इलाके में दहशत फैला दी


अंधाधुंध फायरिंग और रोड़ेबाजी में 4 लोग घायल

झड़प के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा अंधाधुंध फायरिंग भी की गई। मारपीट और रोड़ेबाजी की इस घटना में कुल चार लोग घायल हो गए। घायलों में रुकनपुरा निवासी कमलेश कुमार और राजेश कुमार शामिल हैं। घायलों में से दो लोगों की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है, जिनमें से राजेश कुमार को गंभीर अवस्था में आईसीयू (ICU) में भर्ती कराया गया है जहाँ उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस की तुरंत कार्रवाई: 5 लोग हिरासत में

दिनदहाड़े हुई इस आपराधिक वारदात की सूचना मिलते ही एसडीपीओ-1 (SDPO-1) अजीत कुमार और रूपसपुर पुलिस बल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त 5 लोगों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


घटनास्थल से कारतूस बरामद व मामले की जांच जारी

पुलिस ने त्वरित जांच के दौरान घटनास्थल से दो खोखा (इस्तेमाल किए गए कारतूस) और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) साकेत कुमार ने घटना में फायरिंग होने की पुष्टि की है। पुलिस फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात कर मामले की गहनता से छानबीन कर रही है ताकि अन्य दोषियों को भी गिरफ्तार किया जा सके।