Danapur Sex Racket Busted: पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दानापुर के दो होटलों से विदेशी महिला समेत 3 रेस्क्यू

दानापुर थाना क्षेत्र के सगुना मोड़ और गोला रोड स्थित होटलों में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की। कार्रवाई में 1 विदेशी महिला समेत 3 महिलाओं को रेस्क्यू कराया गया है। मौके से 2 होटल मैनेजर गिरफ्तार किए गए हैं और आपत्तिजनक सामान बरामद

Danapur Sex Racket Busted,
दानापुर के होटलों में देह-व्यापार का भंडाफोड़, विदेशी महिला समेत 3 रेस्क्यू,- फोटो : Reporter

पटना पुलिस ने देह-व्यापार के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। दिनांक 02 अक्टूबर 2026 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने दानापुर थाना क्षेत्र के सगुना मोड़ और गोला रोड स्थित होटलों में अचानक छापेमारी की। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अवैध धंधे में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


विदेशी नागरिक समेत तीन महिलाओं का रेस्क्यू

छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने होटलों से कुल 3 महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया, जिनमें एक विदेशी महिला भी शामिल है। मौके से पुलिस ने कई आपत्तिजनक सामान, 3 मोबाइल फोन, 2 होटल एंट्री रजिस्टर और विदेशी महिला के पासपोर्ट की छायाप्रति बरामद की है। बरामद दस्तावेजों और सामग्रियों की जांच कर देह-व्यापार के इस गिरोह के अंतरराज्यीय व अंतरराष्ट्रीय संपर्कों का पता लगाया जा रहा है।


दो होटल मैनेजर गिरफ्तार, पुलिस हिरासत में पूछताछ

इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों होटलों के मैनेजरों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, होटल की आड़ में अनैतिक गतिविधियों का संचालन कराया जा रहा था। पकड़े गए दोनों अभियुक्तों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि इस अवैध नेटवर्क में शामिल होटल मालिकों और अन्य मुख्य सरगनाओं के नामों का खुलासा किया जा सके।


सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज, कानूनी कार्रवाई जारी

मामले की जानकारी देते हुए दानापुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-01 (SDPO-01) श्री अजीत कुमार ने बताया कि संबंधित थाना क्षेत्र में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अनैतिक गतिविधियों और देह-व्यापार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी जब्त सामानों की जांच कर आगे की विधि-सम्मत कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट