Bihar News : उम्र को मात दे बिहार की 958 महिलाओं ने पास की मैट्रिक परीक्षा, 90 से भी अधिक रहा सफलता का प्रतिशत

Bihar News : जीविका के सेकेंड चांस कार्यक्रम के तहत राज्य की 958 महिलाओं ने मैट्रिक की परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। इस परीक्षा में सफलता का रेशियो 93 फीसदी रहा है.....पढ़िए आगे

Bihar News : उम्र को मात दे बिहार की 958 महिलाओं ने पास की म
पढाई का जज्बा - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : उम्र चाहे कोई भी हो, अगर दिल में कुछ कर दिखाने का जज्बा हो तो हर मुश्किल आसान हो जाती है। इसे सच कर दिखाया है बिहार की उन महिलाओं ने, जिनकी पढ़ाई किसी वजह से बीच में ही छूट गई थी। जीविका के सेकेंड चांस कार्यक्रम के तहत राज्य की 958 महिलाओं ने मैट्रिक की परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। इस परीक्षा में सफलता का रेशियो 93 फीसदी रहा है, जो अपने आप में एक मिसाल है। खास बात यह है कि इसमें 30 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और यह साबित कर दिया कि पढ़ने की कोई उम्र नहीं होती।

जीविका की पहल 

बिहार में जीविका और प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन मिलकर सेकेंड चांस कार्यक्रम जैसी अनूठी पहल को चला रहे हैं। वर्ष 2025–26 में यह कार्यक्रम 20 जिलों के 87 प्रखंडों में चलाया गया। इसके तहत कुल 1,320 महिलाओं का रजिस्ट्रेशन हुआ था, जिनमें से 1,081 महिलाओं के परीक्षा फॉर्म भरे गए। इनमें से 1,029 महिलाओं ने बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (बीबीओएसइ) की मैट्रिक परीक्षा दी और 958 महिलाओं ने इसे पास भी कर लिया। इस सफलता की सबसे बड़ी बात यह रही कि 558 महिलाओं ने प्रथम श्रेणी (फर्स्ट डिवीजन), 357 ने द्वितीय श्रेणी और 43 महिलाओं ने तृतीय श्रेणी में परीक्षा पास की है। बांका, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, समस्तीपुर और वैशाली-इन छह जिलों का रिजल्ट शत-प्रतिशत रहा, यानी यहां परीक्षा में बैठने वाली सभी महिलाएं पास हो गईं। वहीं, पश्चिम चंपारण में सबसे ज्यादा 223 महिलाएं परीक्षा में शामिल हुईं, जिनमें से 212 ने सफलता पाई।

30 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं ने दिखाया दम

जीविका के सेकेंड चांस कार्यक्रम के तहत परीक्षा देने वाली 1,029 महिलाओं में से 739 महिलाएं (लगभग 72 प्रतिशत) ऐसी थीं जिनकी उम्र 30 साल या उससे अधिक थी। इनमें 484 महिलाएं 30 से 39 साल की, 227 महिलाएं 40 से 49 साल की और 28 महिलाएं 50 साल से ज्यादा उम्र की थीं। परिवार और घर की जिम्मेदारियों को संभालते हुए इन महिलाओं ने यह साबित कर दिया कि सीखने की कोई उम्र सीमा नहीं होती।

टॉपर रहीं ये जीविका दीदियां

गुड़िया देवी (सहदेई बुजुर्ग, वैशाली)– उम्र: 37 वर्ष– कुल अंक: 450/500 (प्रथम श्रेणी और बोर्ड टॉपर), नेहा देवी (मोरवा, समस्तीपुर)– उम्र: 37 वर्ष– कुल अंक: 444/500 (प्रथम श्रेणी और बोर्ड सेकंड टॉपर), रंजीता देवी (बगहा, पश्चिम चंपारण)– उम्र: 41 वर्ष– कुल अंक: 443/500 (प्रथम श्रेणी), रेखा देवी (सकरा, मुजफ्फरपुर)– उम्र: 44 वर्ष– कुल अंक: 441/500 (प्रथम श्रेणी) और पुनीता देवी (बगहा, पश्चिम चंपारण)– उम्र: 25 वर्ष– कुल अंक: 431/500 (प्रथम श्रेणी) टॉपर रहीं।  

ग्रामीण विकास विभाग का बयान....

ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा की जिन जीविका दीदियों की मैट्रिक पास करने की इच्छा किसी कठिन परिस्थिति, मजबूरी या पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण अधूरी रह गई थी, उन्हें जीविका के सेकेंड चांस कार्यक्रम के माध्यम से बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (बीबीओएसइ) के जरिए अपनी पढ़ाई पूरी करने और सपनों को साकार करने का अवसर दिया जा रहा है। शिक्षा से आजीविका के अवसर मजबूत होंगे, महिलाओं का आत्मविश्वास, आमदनी और आत्मसम्मान बढ़ेगा। पिछले वर्षों में मिली सफलता को देखते हुए इस अभियान को और व्यापक बनाने की पूरी योजना है।