Bihar News:डेहरी EO हत्याकांड, सीएम सम्राट ने ईओ की पत्नी से की मुलाकात, इंसाफ हर हाल में मिलेगा.... स्पीडी ट्रायल से दोषियों पर शिकंजा कसने का आदेश

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने डेहरी के दिवंगत कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार की पत्नी से मुलाकात कर परिवार को इंसाफ़ का भरोसा दिलाया।...

Dehri EO Murder CM Samrat Justice Assured Speedy Trial Order

Bihar News: डेहरी के चर्चित कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार हत्याकांड ने बिहार की सियासत और प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिवंगत अधिकारी की पत्नी से मुलाकात कर परिवार को इंसाफ़ का भरोसा दिलाया। उन्होंने साफ़ लहजे में कहा कि इस सनसनीखेज हत्याकांड के दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। साथ ही जिला प्रशासन को इस मामले में स्पीडी ट्रायल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके।

सम्राट चौधरी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि डेहरी ऑन सोन के दिवंगत कार्यपालक पदाधिकारी की धर्मपत्नी ने लोकसेवक आवास पर उनसे मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि सरकार इंसाफ़ दिलाने के लिए पूरी मजबूती के साथ खड़ी है और न्याय की प्रक्रिया में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

उधर, औरंगाबाद मेडिकल बोर्ड की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस हत्याकांड की भयावह तस्वीर सामने रख दी है। रिपोर्ट के मुताबिक विमल कुमार के शरीर पर किसी धारदार हथियार या गोली के निशान नहीं मिले, लेकिन भारी और कुंद वस्तु से किए गए निर्मम हमले के स्पष्ट सबूत मिले हैं। सिर, गर्दन, सीना, पसलियां, फेफड़े और लिवर समेत शरीर के कई अहम अंग गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त पाए गए।

सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन के अनुसार, मृतक की मौत मल्टीपल हार्ड एंड ब्लंट इंजरी के कारण हुई। सिर पर जोरदार प्रहार से अंदरूनी रक्तस्राव हुआ, गर्दन की दोनों प्रमुख हड्डियां टूट गईं, जिससे दम घुटने की स्थिति बनी। दोनों तरफ की कई पसलियां टूट चुकी थीं, जबकि हमले की शिद्दत इतनी थी कि लिवर भी फट गया और गले का थायरॉयड कार्टिलेज पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। लगातार आंतरिक रक्तस्राव के चलते आखिरकार हृदय ने काम करना बंद कर दिया। अब पूरे प्रदेश की निगाहें इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की तफ्तीश और स्पीडी ट्रायल के जरिए इंसाफ़ की मंज़िल तक पहुंचने पर टिकी हैं।