सरकार का एक वर्ष पूरा होने पर 'सहयोग कार्यक्रम' की चर्चा : आम लोगों ने बताया, सहयोग पोर्टल से आसान हुई शिकायतों के समाधान की राह

बिहार में एनडीए सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने सबसे ज्यादा चर्चा 'सहयोग कार्यक्रम' की हो रही है। सात निश्चय–3' के 'सबका सम्मान, जीवन आसान' अभियान के तहत इसकी शुरुआत हुई थी.....

सरकार का एक वर्ष पूरा होने पर 'सहयोग कार्यक्रम' की चर्चा : आ
सरकार का एक वर्ष पूरा होने पर 'सहयोग कार्यक्रम' की चर्चा- फोटो : AI जनरेटेड तस्वीर

Patna : बिहार में एनडीए सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर आम लोगों और विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए शुरू किए गए 'सहयोग कार्यक्रम' की व्यापक चर्चा हो रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में 'सात निश्चय–3' के अंतर्गत 'सबका सम्मान, जीवन आसान' अभियान के तहत सहयोग शिविरों की शुरुआत की गई थी, जिसका शुभारंभ 19 मई 2026 को सारण जिले के सोनपुर प्रखंड की डुमरी बुजुर्ग पंचायत से हुआ। इसके तहत प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जाते हैं, ताकि नागरिकों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाए बिना निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान मिल सके।


11 मई को लॉन्च हुए सहयोग पोर्टल और हेल्पलाइन 1100 से आसान हुई निगरानी, 30 दिन की समयसीमा तय

नागरिकों की सुविधा के लिए 11 मई 2026 को सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100 और सहयोग पोर्टल (sahyog.bihar.gov.in) का लोकार्पण किया गया, जिसके माध्यम से लोग ऑनलाइन आवेदन व शिकायत दर्ज कराने के साथ-साथ उनके निष्पादन की स्थिति की निगरानी भी कर सकते हैं। सहयोग शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निस्तारण के लिए 30 दिनों की समयसीमा निर्धारित की गई है, जिसके तहत आवेदनों की प्रगति की रियल टाइम मॉनिटरिंग और विभिन्न स्तरों पर अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के प्रावधान किए गए हैं।


लंबित मामलों की समीक्षा के लिए राज्य स्तरीय व्यवस्था, अररिया के मुकुंद कुमार ने साझा किया अनुभव

शिकायतों के निष्पादन की जिला स्तर पर समीक्षा के साथ मुख्यमंत्री सचिवालय में राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम की भी शुरुआत की गई है, जिसके माध्यम से नागरिकों की लंबित समस्याओं और पूर्व में दिए गए निर्णयों पर प्राप्त आपत्तियों की समीक्षा की जा सकती है। अररिया जिले के रहने वाले मुकुंद कुमार ने इस व्यवस्था की सराहना करते हुए बताया कि डीटीओ कार्यालय में उनका कुछ भुगतान लंबित था, जिसके लिए उन्होंने सहयोग पोर्टल पर आवेदन किया और उनकी समस्या का समाधान हो गया।


25 अगस्त से शुरू हुआ 'विद्यार्थी सहयोग शिविर', पटना की छात्रा साक्षी ने जताया आभार

विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए 25 अगस्त 2026 को 'विद्यार्थी सहयोग शिविर' का शुभारंभ किया गया, जिसके अंतर्गत प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को शिक्षण संस्थानों में शिविर लगाकर परीक्षा, छात्रावास, पेयजल, शैक्षणिक व्यवस्था और अन्य सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई की जाती है। पटना के जेडी विमेंस कॉलेज की छात्रा साक्षी ने कहा कि यह पोर्टल छात्राओं के लिए अच्छी पहल है तथा लड़कियों की सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था के और बेहतर होने की उम्मीद है; उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को धन्यवाद दिया।


नागरिक सेवाओं को सुलभ बनाने और प्रशासनिक जवाबदेही मजबूत करने की दिशा में कदम

सहयोग शिविर, सहयोग पोर्टल और विद्यार्थी सहयोग शिविर के माध्यम से बिहार सरकार नागरिक सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने और प्रशासनिक जवाबदेही को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों और विद्यार्थियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।