एम्स के विभागाध्यक्षों समेत चार दिग्गज डॉक्टर सम्मानित, 'पहल' ने आयोजित किया डॉ. के.के. शरण स्मृति सम्मान समारोह

चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवा देने के लिए एम्स पटना के प्रो. संजीव कुमार और प्रो. मनोज कुमार सहित चार प्रतिष्ठित चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। पद्मश्री डॉ. शांति राय और डॉ. किरण शरण ने इन चिकित्सकों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके योगदान क

एम्स के विभागाध्यक्षों समेत चार दिग्गज डॉक्टर सम्मानित, 'पहल

Patna - : राजधानी के राजेन्द्र पथ स्थित होटल सर्वोदय में रविवार को 'पब्लिक अवेयरनेस फॉर हेल्थफुल एपरोच फॉर लिविंग' (पहल) द्वारा एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चिकित्सा जगत में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चार प्रतिष्ठित चिकित्सकों को 'डाॅ. के.के. शरण स्मृति चिकित्सक सम्मान' से नवाजा गया। समारोह की मुख्य अतिथि पद्मश्री डाॅ. शांति राय एवं विशिष्ट अतिथि शिशु रोग विशेषज्ञ डाॅ. किरण शरण ने संयुक्त रूप से चिकित्सकों को स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्रम् प्रदान कर सम्मानित किया।

इन दिग्गज चिकित्सकों को मिला सम्मान समारोह में एम्स पटना के दो विभागाध्यक्षों सहित कुल चार चिकित्सकों को यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया गया:

  • डाॅ. (प्रो.) संजीव कुमार: प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष-कार्डियोथोरेसिक सर्जरी, एम्स पटना।

  • डाॅ. (प्रो.) मनोज कुमार: प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष-जनरल सर्जरी, एम्स पटना।

  • डाॅ. अमर कुमार सिंह: वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित रेडियोलॉजिस्ट।

  • डाॅ. शारिका राय: प्रसिद्ध स्त्री रोग एवं प्रसूति विशेषज्ञ।

मानवीय सेवा और चिकित्सीय दक्षता की सराहना 

समारोह को संबोधित करते हुए 'पहल' के चिकित्सा निदेशक एवं वरिष्ठ फिजीशियन डाॅ. दिवाकर तेजस्वी ने सम्मानित चिकित्सकों के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने डाॅ. संजीव कुमार को जटिल हृदय शल्य चिकित्सा में उनकी अद्वितीय दक्षता और एम्स पटना के विकास में उनके नेतृत्व की सराहना की। डाॅ. मनोज कुमार के बारे में उन्होंने कहा कि सर्जरी के क्षेत्र में उनकी अनुशासित कार्यशैली और रोगियों के प्रति समर्पण उन्हें एक आदर्श शिक्षक बनाता है।

निदान और महिला स्वास्थ्य पर विशेष जोर 

डाॅ. तेजस्वी ने रेडियोलॉजिस्ट डाॅ. अमर कुमार सिंह की सटीक नैदानिक समझ की प्रशंसा करते हुए कहा कि आधुनिक इमेजिंग तकनीकों के माध्यम से उन्होंने हजारों रोगियों के उपचार में अमूल्य योगदान दिया है। वहीं, डाॅ. शारिका राय को मातृत्व सुरक्षा और महिला स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में उनके सराहनीय कार्यों के लिए विशेष रूप से रेखांकित किया गया।

आदर्श व्यक्तित्व के रूप में डाॅ. के.के. शरण का स्मरण 

इस अवसर पर रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष डाॅ. शंकरनाथ ने स्वर्गीय डाॅ. के.के. शरण को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें समय का पाबंद और एक कुशल ईएनटी चिकित्सक के रूप में याद किया। 'पहल' के अध्यक्ष डाॅ. हिमांशु रॉय ने संस्था द्वारा किए जा रहे स्वास्थ्य सेवा और सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम का समापन नंदिनी शरण के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें डाॅ. आलोक अभिजीत, प्रो. नलिनी रंजन कुमार और डाॅ. दीपिका तेजस्वी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।