धनकुबेर निकला ESI : EOU की छापेमारी मे आय से 1.49 करोड़ की अधिक संपत्ति का खुलासा

बिहार में आर्थिक अपराधी इकाई की टीम ने एक और भ्रष्ट अधिकारी पर बड़ी कार्रवाई की है। कैमूर के मोहनिया चेकपोस्ट पर तैनात प्रवर्तन अवर निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता के ठिकानों पर छापेमारी में आय से तकरीबन 1.49 करोड़ की अधिक संपत्ति का खुलासा हुआ है.....

धनकुबेर निकला ESI  : EOU की छापेमारी मे आय से 1.49 करोड़ की
धनकुबेड़ निकला ESI- फोटो : अनिल कुमार

Patna : बिहार परिवहन विभाग के कैमूर (मोहनियां चेकपोस्ट) में पदस्थापित प्रवर्तन अवर निरीक्षक (ESI) अमित कुमार गुप्ता के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज कर बड़ी कार्रवाई की है। ईओयू की टीम ने विशेष अदालत (निगरानी), पटना से तलाशी अधिपत्र हासिल कर 30 सितंबर 2026 को आरोपी अधिकारी के पटना और आरा स्थित दो ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से परिवहन महकमे में हड़कंप मच गया है। 


वैध आय से 148 प्रतिशत अधिक मिली संपत्ति, 2013 में हुई थी सेवा में बहाली 

ईओयू द्वारा दर्ज एफआईआर (कांड संख्या-26/26) के सत्यापन के दौरान पाया गया कि अमित कुमार गुप्ता ने अपने ज्ञात वैध आय स्रोतों से कुल 1,49,58,500 रुपये (लगभग 1.49 करोड़) की संपत्ति अधिक अर्जित की है। यह उनकी वैध आय से लगभग 148.10 प्रतिशत अधिक है। वर्ष 2013 में परिवहन विभाग में बहाल हुए अमित गुप्ता की पहली तैनाती दालकोला (पूर्णिया) चेकपोस्ट पर हुई थी। इसके बाद वे मुजफ्फरपुर, छपरा, अररिया और पटना समेत कई जिलों में तैनात रहे हैं। 


आरा और पटना में मकान-फ्लैट, 11 भूखंड और टाटा टियागो ईवी बरामद 

छापेमारी के दौरान आरा के अवधपुरी स्थित निजी आवास से 3 लाख रुपये नकद, एक टाटा टियागो इलेक्ट्रिक कार तथा आरा, पटना और छपरा में परिजनों के नाम पर खरीदे गए 11 भूखंडों के दस्तावेज जब्त किए गए हैं। इसके अलावा अवधपुरी में G+3 बहुमंजिला मकान, पकड़ी (आरा) में 5.1 डिसिमिल जमीन पर निर्माणाधीन मकान और पटना के 'साई वरदान सिटी' में एक फ्लैट का पता चला है। साथ ही नोएडा (इंपेरिया इंफ्रास्ट्रक्चर) और नई दिल्ली (एयरविल बिजनेस पार्क) में भी जमीन व फ्लैट में निवेश के साक्ष्य मिले हैं। 


15 बैंक खाते, शेयर व म्यूचुअल फंड में 30 लाख से अधिक का निवेश जब्त 

जांच में विभिन्न बैंकों के कुल 15 खाते पाए गए हैं, जिनमें जमा लाखों रुपये की राशि को फ्रीज करा दिया गया है, जबकि एक बैंक लॉकर की तलाशी शेष है। ईओयू को शेयर व म्यूचुअल फंड में 30 लाख रुपये से अधिक और एलआईसी की 7 पॉलिसियों में 10 लाख से अधिक के निवेश के कागजात मिले हैं। आरोपी अधिकारी द्वारा अपने बच्चों की शिक्षा पर भी भारी खर्च की बात सामने आई है। उनका एक बेटा दार्जिलिंग के महंगे आवासीय विद्यालय में पढ़ रहा है जबकि पुत्री कोटा में रहकर नीट (NEET) की तैयारी कर रही है। 


आय से अधिक संपत्ति का आंकड़ा और बढ़ने की संभावना, विभाग को भेजी जा रही रिपोर्ट 

ईओयू अधिकारियों के अनुसार, जब्त किए गए दस्तावेजों और अभिलेखों का आगे गहन विश्लेषण किया जाएगा। शुरुआती जांच के आधार पर संभावना जताई जा रही है कि विस्तृत छानबीन के बाद आय से अधिक संपत्ति के इस आंकड़े में और वृद्धि हो सकती है। ईओयू ने आरोपी लोक सेवक के खिलाफ दर्ज कांड और पद के दुरुपयोग से संबंधित रिपोर्ट बिहार सरकार के परिवहन विभाग को भी अवगत कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 


अनिल की रिपोर्ट