Bihar News : पटना में आयकर विभाग ने टीडीएस/टीसीएस पर प्रशिक्षण कार्यक्रम का किया आयोजन, टैक्स अनुपालन और पारदर्शिता पर की गयी चर्चा
Bihar News : पटना में आयकर विभाग की ओर से टीडीएस/टीसीएस (TDS/TCS) विषय पर एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया.....इस विषय पर हुई चर्चा
PATNA : आयकर विभाग की ओर से विद्युत भवन, पटना में टीडीएस/टीसीएस विषय पर एक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) अरविंद कुमार ने की। प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य टीडीएस/टीसीएस से संबंधित कर प्रावधानों की बेहतर समझ विकसित करना, कर अनुपालन को सुदृढ़ करना तथा वित्तीय कार्यप्रणाली को अधिक सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाना था।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आयकर आयुक्त (TDS), के. एल. कनक (IRS) ने टीडीएस/टीसीएस से जुड़े महत्वपूर्ण एवं व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। इससे दैनिक कार्यालयी कार्य में कर अनुपालन एवं वित्तीय कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने टीडीएस/टीसीएस की आवश्यकता एवं महत्त्व, कर अनुपालन की प्रक्रिया, पारदर्शिता तथा वित्तीय प्रक्रियाओं से संबंधित विभिन्न प्रावधानों एवं व्यावहारिक विषयों पर प्रतिभागियों को मार्गदर्शन प्रदान किया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को टीडीएस/टीसीएस प्रावधानों के सही अनुपालन, वित्तीय लेन-देन में आवश्यक सावधानियों तथा कर संबंधी प्रक्रियाओं को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपादित करने से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड एवं उसकी अनुषंगी कंपनियों की अकाउंट्स और फाइनेंस प्रशाखाओं के साथ क्षेत्रीय कार्यालय के कर्मियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।