Bihar News : केले के तने से लखपति बन रहे खगड़िया के किसान, रेशा और जैविक खाद से बदल रही तकदीर

Bihar News : बिहार के खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड स्थित बंदेहरा पंचायत के किसानों ने 'वेस्ट टू वेल्थ' (कचरे से दौलत) की बेहतरीन मिसाल पेश की है।

Bihar News : केले के तने से लखपति बन रहे खगड़िया के किसान, र
केले से कमाई - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : कभी खेतों में सड़कर गंदगी और दुर्गंध फैलाने वाला केले का तना अब बिहार के किसानों के लिए वरदान बनकर सामने आ रहा है। खगड़िया के परबत्ता प्रखंड अंतर्गत बंदेहरा पंचायत के किसानों ने वेस्ट टू वेल्थ (कचरे से दौलत) की ऐसी अनूठी मिसाल पेश की है, जो आज पूरे राज्य के लिए चर्चा का विषय बन गई है। यहां केले की खेती करने वाले किसान अब फल बेचने के साथ-साथ फसल के बेकार अवशेष (तनों) से हजारों-लाखों रुपये की अतिरिक्त कमाई कर रहे हैं।

केले से कमाई

बताते चलें की खगड़िया अंतर्गत बंदेहरा ग्राम पंचायत के किसान करीब 15 एकड़ जमीन पर बड़े पैमाने पर केले की खेती करते हैं। ये किसान बताते हैं कि कुछ साल पहले तक फल काटने के बाद केले के तने और कचरे को फेंक दिया जाता था, जिससे आसपास भारी गंदगी फैलती थी, लेकिन कुछ वर्ष पहले ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए शुरू लोहिया स्वच्छ भारत अभियान (एलएसबीए) ने इन किसानों के लिए आय का नया रास्ता खोल दिया। योजना के तहत फसल के अवशेष से आकर्षक उत्पाद बनाने की पहल जो इस पंचायत में शुरू हुई, आज मील का पत्थर साबित हो रही है। ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों के अनुसार, केला किसान सहकारी समिति के माध्यम से किसानों को प्रति तना के हिसाब से उचित भुगतान किया जा रहा है। इन तनों का प्रसंस्करण (प्रोसेसिंग) करके पर्यावरण-अनुकूल वस्त्र, टोकरी, बैग, मैट, कालीन और हैंडीक्राफ्ट टोपी जैसे खूबसूरत उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि बंदेहरा के किसानों के हाथों बने ये उत्पाद अब विभिन्न चरणों से होते हुए देश ही नहीं बल्कि विदेशों तक अपनी पहुंच बना चुके हैं।

तना से जैविक खाद

लोहिया स्वच्छ भारत मिशन की जिला समन्वयक मीरा कुमारी बताती हैं कि इस नवाचार से किसानों को कचरा निस्तारण के लिए अपनी जेब से कोई खर्च नहीं करना पड़ता, बल्कि उलटे उन्हें कचरे के दाम मिल रहे हैं। वहीं, केला किसान सहकारी समिति के निदेशक बृजेश कुमार ने बताया कि केले के तने से रेशा निकालने के बाद जो पल्प वेस्ट (मलबा) बच जाता है, उससे उच्च गुणवत्ता वाली जैविक खाद तैयार की जा रही है। बाजार में इस जैविक खाद की भारी मांग है और यह 50 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव से बिक रही है। इस खाद निर्माण कार्य में बंदेहरा और आसपास के इलाकों की करीब 50 जीविका दीदियां सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं। यह महिला समूह खाद बनाने के साथ-साथ करीब 70 से 80 एकड़ भूमि पर सामूहिक रूप से जैविक खेती को भी बढ़ावा दे रहा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को अभूतपूर्व मजबूती मिल रही है। 

मंत्री का बयान......

ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा की बिहार के ग्रामीण इलाकों में हुनर और संसाधनों की कोई कमी नहीं है। हमारे किसानों और जीविका दीदियों ने यह साबित कर दिखाया है कि थोड़ी सी सूझबूझ से कचरे को भी कमाई का जरिया बनाया जा सकता है। सरकार वेस्ट टू वेल्थ की इस सोच को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। केले के रेशे और जैविक खाद के सफल मॉडल से न केवल पर्यावरण स्वच्छ हो रहा है, बल्कि हमारे किसान और महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बन रहे हैं। ऐसे प्रयास पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत हैं।