Female Constable Suspended: पटना जंक्शन पर तैनात महिला सिपाही सस्पेंड, पति के साथ मिलकर रेल पुलिस के खिलाफ रची थी साजिश, ऐसे खुला पोल

Female Constable Suspended: महिला सिपाही नीरा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। महिला सिपाही ने पति के साथ मिलकर जानबूझकर मनगढ़ंत कहानी बनाकर मीडिया के सामने बयान दिया और पुलिस की छवि को धूमिल करने की कोशिश की।

सस्पेंड
महिला सिपाही सस्पेंड - फोटो : social media

Female Constable Suspended: राजधानी पटना से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए पटना रेल पुलिस की छवि धूमिल करने की कोशिश एक महिला सिपाही को भारी पड़ गई है। पटना जंक्शन रेल थाने में तैनात महिला सिपाही नीरा कुमारी को विभाग ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जांच में पाया गया कि सिपाही ने अपने पति के साथ मिलकर एक सुनियोजित साजिश के तहत मनगढ़ंत कहानी बनाई और वरीय पदाधिकारियों की अनुमति के बिना मीडिया में भ्रामक बयान दिए। रेल पुलिस के इस कड़े एक्शन से महकमे में हड़कंप मच गया है।

महिला सिपाही सस्पेंड 

रेल पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा था। इस वीडियो में महिला सिपाही नीरा कुमारी द्वारा पटना जंक्शन के रेल थानाध्यक्ष पर विशेष अवकाश (छुट्टी) की मांग करने पर दुर्व्यवहार के आरोप लगाए जा रहे थे।

जांच में आरोपों की खुली पोल

मामले की गंभीरता को देखते हुए रेल जिला पटना की 'महिला आंतरिक सुरक्षा समिति' से इसकी जांच कराई गई। जांच के दौरान महिला सिपाही द्वारा थानाध्यक्ष के विरुद्ध लगाए गए सभी आरोप निराधार और मनगढ़ंत पाए गए। विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि नीरा कुमारी ने जानबूझकर तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया। उन्होंने बिना किसी आधिकारिक अनुमति के अपने पति के साथ मिलकर मीडिया के सामने बयान दिए और वीडियो वायरल करवाया।

पति के साथ मिलकर षड्यंत्र का आरोप

पुलिस प्रशासन के अनुसार, यह कृत्य घोर अनुशासनहीनता, मनबढूपन और कर्तव्य के प्रति उदासीनता को दर्शाता है। पुलिस की छवि आम जनता के बीच धूमिल करने के आरोप में रेल पुलिस ने कड़ा कदम उठाते हुए नीरा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। महिला सिपाही ने अपने पति के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया था। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।