सोशल मीडिया पर AI जनरेटेड फोटो पोस्ट करने पर महिला गृहरक्षक पर गिरी गाज, 3 महीने के लिए कर्तव्य से वंचित

सोशल मीडिया पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जनरेटेड तस्वीर पोस्ट करना एक महिला गृहरक्षक (होमगार्ड) को भारी पड़ गया। महिला गृहरक्षक पुलिस मुख्यालय के सोशल मीडिया गाइडलाइंस का उल्लंघन और अनुशासनहीनता की श्रेणी में रखते हुई बड़ी कार्रवाई की गई है...

सोशल मीडिया पर AI जनरेटेड फोटो पोस्ट करने पर महिला गृहरक्षक

Patna : भागलपुर जिले में श्रावणी मेला-2026 के दौरान विधि-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था में तैनात एक महिला गृहरक्षक (होमगार्ड) को सोशल मीडिया पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जनरेटेड तस्वीर पोस्ट करना भारी पड़ गया। बिहार पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी सोशल मीडिया दिशा-निर्देशों के उल्लंघन के आरोप में महिला गृहरक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।


सहायक थाना बाबा चौक पर तैनाती के दौरान बनाई थी AI फोटो

जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गृह-392815 हीरा कुमारी को श्रावणी मेला के अवसर पर भागलपुर जिला बल में प्रतिनियुक्त किया गया था। सहायक थाना बाबा चौक एवं अन्य महत्वपूर्ण पोस्टों पर तैनाती के दौरान उन्होंने अपने पुलिस परिधान (यूनिफॉर्म) में AI Generated कमान्डो के साथ फोटो तैयार की और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।


मुख्यालय के सोशल मीडिया गाइडलाइंस का उल्लंघन और अनुशासनहीनता

पुलिस प्रशासन ने महिला गृहरक्षक के इस कृत्य को पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी सोशल मीडिया उपयोग संबंधी निर्देशों का स्पष्ट उल्लंघन माना है। इसे अनुशासनहीनता, कर्तव्यहीनता और वरीय अधिकारियों के आदेश की अवहेलना की श्रेणी में रखते हुए उनके विरुद्ध सख्त विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की गई।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की रिपोर्ट पर 03 माह के लिए सेवा से हटाने की अनुशंसा

वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP), भागलपुर से प्राप्त प्रतिवेदन और जांच रिपोर्ट के आलोक में महिला गृहरक्षक हीरा कुमारी को 03 माह के लिए कर्तव्य (ड्यूटी) से वंचित करने की अनुशंसा की गई है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में सोशल मीडिया के नियम का पालन करने को लेकर सख्त संदेश गया है।


पुलिस महकमे में नियमों के पालन को लेकर अलर्ट

घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर सभी पुलिसकर्मियों और गृहरक्षकों को ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी है। स्पष्ट किया गया है कि वर्दी में अनुचित, भ्रम फैलाने वाली या AI-जनरेटेड तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।


रंजीत की रिपोर्ट