Bihar News: पटना में दिनदहाड़े फायरिंग, घर में घुसकर युवक की हत्या करने पहुंचे नकाबपोश अपराधी, मचा हड़कंप

Bihar News: पटना में दिनदहाड़े बड़ी घटना को अंजाम देने की कोशिश की गई है। एक बेखौफ अपराधी घर में घुसकर युवक की हत्या करने की कोशिश की। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

हत्या
दिनदहाड़े गोलीबारी - फोटो : reporter

Bihar News: राजधानी पटना से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। मिली जानकारी अनुसार पूरा मामला पटना के दीघा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुर्जी मोड़ स्थित लोयला स्कूल के ठीक सामने का है। घटना के समय इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। जानकारी अनुसार नकाब पहने एक अपराधी ने एक घर में घुसकर शंभू नामक युवक पर हत्या की नीयत से गोली चला दी। हालांकि गोली लगने से पहले ही स्थानीय लोगों की सतर्कता से बड़ी वारदात टल गई और लोगों ने मौके पर ही आरोपी को पकड़ लिया।

दिनदहाड़े गोलीबारी 

पीड़ित शंभू ने बताया कि बीते वर्ष उनसे 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी मामले को लेकर अपराधी ने उन पर जानलेवा हमला किया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी।

मौके पर पहुंची पुलिस 

सूचना मिलते ही दीघा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान अपराधी के पास से एक लोडेड पिस्टल और एक कट्टा बरामद किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी हुई है। फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और घटना को लेकर आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट