Bihar School News: बाढ़ ने रोकी पढ़ाई तो शिक्षकों ने खोला डिजिटल रास्ता, घर बैठे पढ़ रहे सैकड़ों बच्चे

Bihar School News: जलजमाव और आवागमन बाधित होने से कई विद्यालयों में पठन-पाठन ठप है।...

Flood Halts Schools in Katihar
बाढ़ ने रोकी पढ़ाई तो शिक्षकों ने खोला डिजिटल रास्ता- फोटो : reporter

Bihar School News: बिहार में गंगा, कोसी, बरंडी और कारी कोसी नदियों के जलस्तर में उतार-चढ़ाव के बीच कटिहार के अमदाबाद, मनिहारी, बरारी और कुरसेला समेत कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। बाढ़ से करीब 9,39,766 आबादी प्रभावित होने की सूचना है। जलजमाव और आवागमन बाधित होने से कई विद्यालयों में पठन-पाठन ठप है। कई स्कूल जलमग्न हैं, जबकि कुछ विद्यालयों में पानी नहीं होने के बावजूद रास्ते बंद होने से बच्चे स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं।

अमदाबाद प्रखंड के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय बैरिया के प्रधानाध्यापक पंकज कुमार और शिक्षकों ने बच्चों की पढ़ाई जारी रखने के लिए डिजिटल पहल की है। कक्षा 9 से 12वीं तक के सैकड़ों छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन क्लास शुरू की गई है। इंटरनेट सेवा बाधित रहने के कारण कुछ समय तक यह व्यवस्था प्रभावित रही, लेकिन नेट सेवा बहाल होते ही शिक्षकों ने दोबारा ऑनलाइन पढ़ाई शुरू कर दी।

छात्र घर बैठे ऑनलाइन लिंक के जरिए कक्षा से जुड़ रहे हैं। पढ़ाए गए पाठ का वीडियो भी शिक्षकों द्वारा व्हाट्सऐप के माध्यम से विद्यार्थियों को भेजा जा रहा है। बाढ़ के बीच पढ़ाई का सिलसिला जारी रहने से छात्र-छात्राओं के साथ उनके अभिभावक भी खुश हैं। अभिभावकों का कहना है कि परीक्षा नजदीक है, ऐसे में शिक्षकों की यह पहल बच्चों के लिए काफी मददगार साबित हो रही है।

प्रधानाध्यापक पंकज कुमार ने बताया कि चारों तरफ बाढ़ से हाहाकार के बीच बच्चे घरों में बैठे थे। ऐसे में दूरसंचार व्यवस्था का इस्तेमाल कर पढ़ाई जारी रखने का फैसला लिया गया।

वहीं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी रणबीर कुमार ने बताया कि अमदाबाद के 119 में से 95 विद्यालयों में पढ़ाई बाधित है और करीब 25 हजार बच्चों का पठन-पाठन प्रभावित हुआ है। उन्होंने अन्य प्रधानाध्यापकों से भी बैरिया स्कूल की तर्ज पर ऑनलाइन क्लास शुरू करने की अपील की है।

श्याम कुमार सिंह की रिपोर्ट