बाढ़ के पूर्व SDPO राकेश कुमार हुए दोषमुक्त, गृह विभाग का बड़ा आदेश, मोकामा विधानसभा चुनाव में हुई दुलारचंद यादव हत्या से जुड़ा मामला

मोकामा विधानसभा चुनाव के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में कथित लापरवाही को लेकर राकेश कुमार के खिलाफ आरोप लगाए गए थे। अब इस मामले में राकेश कुमार को दोष मुक्त कर दिया है

Former Barh SDPO Rakesh Kumar
Former Barh SDPO Rakesh Kumar- फोटो : news4nation

Bihar News : वर्ष 2025 में मोकामा विधानसभा चुनाव के दौरान हुई दुलारचंद हत्या की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आरोपों का सामना कर रहे बाढ़-1 के तत्कालीन अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) राकेश कुमार को अब विभागीय जांच में दोषमुक्त कर दिया गया है। बिहार सरकार के गृह विभाग ने 25 अगस्त 2026 को आदेश जारी कर उनके खिलाफ चल रही अनुशासनिक कार्रवाई को समाप्त कर दिया। राकेश कुमार वर्तमान में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-4, डुमरांव के समादेष्टा हैं।


दरअसल, मोकामा विधानसभा चुनाव के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में कथित लापरवाही को लेकर राकेश कुमार के खिलाफ आरोप लगाए गए थे। आरोप था कि चुनाव के दौरान प्रतिनियुक्त जिला बल और केंद्रीय सशस्त्र बलों का उचित तरीके से इस्तेमाल नहीं किया गया। साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू होने के बावजूद उनके क्षेत्र में अनुमति से अधिक वाहनों के इस्तेमाल और आचार संहिता के पालन में कमी का आरोप लगाया गया था। इन्हीं आरोपों के आधार पर विभागीय कार्रवाई शुरू हुई थी।


मामले में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के आलोक में अनुशासनिक कार्रवाई शुरू करते हुए जांच कराई गई। गृह विभाग ने 22 जुलाई 2026 को राकेश कुमार को आरोपों के संबंध में लिखित बचाव अभिकथन देने का मौका दिया। उन्होंने 24 जुलाई को अपना पक्ष विभाग के सामने रखा। इसके बाद बिहार पुलिस मुख्यालय से भी पूरे मामले पर मंतव्य मांगा गया।


जांच के दौरान पुलिस मुख्यालय ने पाया कि 30 अक्टूबर 2025 को हुई घटना से संबंधित प्राथमिकी और अन्य मामले भदौर थाना में दर्ज थे। जांच में यह भी सामने आया कि घटनास्थल भदौर थाना क्षेत्र में था, जो तत्कालीन SDPO बाढ़-1 के कार्यक्षेत्र के अधीन नहीं आता था। साथ ही पुलिस मुख्यालय ने माना कि चुनाव से पहले आदर्श आचार संहिता लागू कराने और केंद्रीय बलों के इस्तेमाल को लेकर राकेश कुमार ने आवश्यक कार्रवाई की थी। घटना को अप्रत्याशित और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उनकी प्रत्यक्ष लापरवाही प्रथम दृष्टया स्पष्ट नहीं पाई गई।


इन तथ्यों की विभागीय समीक्षा के बाद सक्षम प्राधिकारी ने राकेश कुमार को सभी आरोपों से मुक्त करते हुए अनुशासनिक कार्रवाई समाप्त करने का फैसला लिया। आदेश पर सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी भी प्राप्त है। गौरतलब है कि दुलारचंद यादव हत्याकांड में जदयू के बाहुबली नेता अनंत सिंह पर गंभीर आरोप लगाए गये। यहाँ तक कि इस मामले में अनंत सिंह की गिरफ्तारी हुई। हालांकि विधानसभा चुनाव में अनंत सिंह ने बड़ी जीत हासिल की।

रविशंकर की रिपोर्ट