Bihar police - डेंगू से हार गया बिहार का जाबांज पुलिसकर्मी, बीमारी ने ली फतुहा के पूर्व थानाध्यक्ष की जान
Bihar police - डेंगू ने आज बिहार पुलिस के जाबांज पुलिसकर्मी की जान ले ली। वह फतुहा थाने के थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके थे।

Patna - बिहार पुलिस के लिए आज एक अत्यंत दुखद खबर आई, जब फतुहा थाना के पूर्व थानाध्यक्ष, इंस्पेक्टर रूपक कुमार अम्बुज का डेंगू से जूझते हुए निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के गंगा राम अस्पताल में अंतिम सांस ली।
ग्रामीण एसपी विक्रम सिहाग ने इस दुखद घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रूपक कुमार अम्बुज पिछले महीने के अंतिम सप्ताह में डेंगू से पीड़ित हुए थे। करीब एक महीने तक उनका इलाज दिल्ली में चल रहा था और वह लगातार आईसीयू में थे। आज, एक लंबी लड़ाई के बाद उनकी मौत की खबर आई।
एक महीने से चल रहा था इलाज
जानकारी के अनुसार बेगूसराय के रहनेवाले रूपक कुमार अम्बुज की गंभीर स्थिति को देखते हुए ही उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया गया था। उनकी बीमारी के कारण ही फतुहा थाने में किसी और को सहायक थानाध्यक्ष के रूप में पोस्टिंग दी गई थी। लगभग एक महीने तक जीवन रक्षक प्रणाली पर रहने के बावजूद, उन्हें बचाया नहीं जा सका।
बिहार पुलिस ने अपने एक कर्मठ अधिकारी को खो दिया है। उनकी मौत पुलिस विभाग के लिए एक बड़ी क्षति है।
Report - rajnish kumar