Bihar News: पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह का भतीजा गिरफ्तार, शराब के नशे में पुलिस को दिखा रहा था धौंस
Bihar News: औद्योगिक थाना की पुलिस वीर कुंवर सिंह सेतु पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से आ रही एक इनोवा कार को रोका गया। कार में सवार सुधीर सिंह को पुलिस ने जांच के दौरान संदिग्ध पाया।
Bihar News: बिहार के बक्सर से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह के भतीजे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, बिहार में शराबबंदी कानून लागू है बावजूद इसके कई रईसजादे शराब के नशे में पुलिस के हत्थे चढ़ रहे हैं। इसी बीच बक्सर से भी खबर सामने आ रही है। जानकारी अनुसार महाराजगंज के पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह के भतीजे सुधीर सिंह को पुलिस ने शराब के नशे में गिरफ्तार कर लिया। उन पर नशे की हालत में पुलिस पर रौब दिखाने और बदसलूकी करने का आरोप भी लगा है।
प्रभुनाथ सिंह का भतीजा गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, औद्योगिक थाना की पुलिस वीर कुंवर सिंह सेतु पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से आ रही एक इनोवा कार को रोका गया। कार में सवार सुधीर सिंह को पुलिस ने जांच के दौरान संदिग्ध पाया। पुलिस का आरोप है कि पूछताछ के दौरान सुधीर सिंह ने नशे की हालत में पुलिसकर्मियों से बदसलूकी की और धौंस जमाने की कोशिश की। इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई।
पुलिस से बदसलूकी का आरोप
बक्सर के पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बताया कि शराब पीने और पुलिस से बदसलूकी करने के आरोप में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार किया गया और कोर्ट में पेश किया गया। हालांकि देर शाम कोर्ट से उन्हें जमानत मिल गई। बताया जा रहा है कि सुधीर सिंह के चचेरे भाई सारण जिले की मांझी विधानसभा सीट से जदयू के विधायक हैं।