गौरव राय की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की बड़ी पहल, पांच महिलाओं को दी सिलाई मशीनें
गौरव राय के मुताबिक, आज वितरित पांच मशीनों को मिलाकर अब तक बिहार के अलग-अलग क्षेत्रों में जरूरतमंद महिलाओं और लड़कियों के बीच 348 सिलाई मशीनों का वितरण किया जा चुका है।
Bihar News : महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की पहल के तहत ‘पटना के ऑक्सीजन मैन’ के नाम से चर्चित गौरव राय की पहल पर आयोजित कार्यक्रम में पांच जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनें उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही दो बच्चों को एक वर्ष की शैक्षणिक सामग्री भी दी गई।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री और वर्तमान विधायक जीवेश कुमार मिश्रा भी मौजूद रहे। इस दौरान गौरव राय ने मिथिलांचल की परंपरा के अनुसार उन्हें पाग और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। जीवेश कुमार मिश्रा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यदि इंसान ठान ले तो समाज के लिए बहुत कुछ कर सकता है। उन्होंने गौरव राय के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह पहल किसी एक समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की सभी जातियों और वर्गों के जरूरतमंद लोगों के लिए है।
कार्यक्रम में आरा की रूबी देवी, बिहटा की अंजलि कुमारी, मुजफ्फरपुर की गुंजा देवी, जक्कनपुर की लक्ष्मी देवी और संपतचक की रामा मांझी को स्वरोजगार के लिए सिलाई मशीन उपलब्ध कराई गई। रामा मांझी बाढ़ के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकीं।
गौरव राय ने बताया कि कार्यक्रम के लिए दो सिलाई मशीनें उनकी ओर से, दो मशीनें बिहार के युवा उद्यमी दिलखुश कुमार (रोडवेज ट्रांसपोर्ट सेवा) की ओर से और एक मशीन क्राउड फंडिंग के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा मुजफ्फरपुर के आयुष कुमार और पटना के आर्यन कुमार को एक वर्ष के लिए कॉपी, पेन, पेंसिल और ज्योमेट्री बॉक्स उपलब्ध कराया गया।
गौरव राय के मुताबिक, आज वितरित पांच मशीनों को मिलाकर अब तक बिहार के अलग-अलग क्षेत्रों में जरूरतमंद महिलाओं और लड़कियों के बीच 348 सिलाई मशीनों का वितरण किया जा चुका है। उनका कहना है कि सिलाई मशीनें महिलाओं को घर से ही काम शुरू करने और अपनी आय का साधन विकसित करने में मदद कर रही हैं। कई महिलाओं ने अपने घर पर सिलाई का सेटअप तैयार कर रोजगार शुरू किया है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जल्द ही 50 और सिलाई मशीनों की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए वह अपने परिवार, दोस्तों और सोशल मीडिया से जुड़े लोगों के सहयोग से मशीनें जुटाएंगे और बिहार के अलग-अलग क्षेत्रों में जरूरतमंद महिलाओं की पहचान कर उन्हें स्वरोजगार के लिए सिलाई मशीन उपलब्ध कराएंगे।
कार्यक्रम में भूमिहार महिला समाज की फाउंडर प्रीति प्रिया किसी कारणवश उपस्थित नहीं हो सकीं। उन्होंने अपने संदेश के माध्यम से गौरव राय के प्रति आभार जताया और कहा कि पिछले तीन वर्षों से भूमिहार महिला समाज को उनका लगातार सहयोग मिलता रहा है। गौरव राय ने कहा कि समाज में महिलाओं के बीच जागरूकता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की जरूरत है। उनके अनुसार, सिलाई मशीन महिलाओं के लिए स्वरोजगार का एक व्यावहारिक माध्यम बन रही है, जिससे वे अपने घर से ही काम शुरू कर आर्थिक रूप से मजबूत बन सकती हैं।