गोपालगंज में मासूमों पर कहर, फटे दूध का खाना खाने से कई मासूम बच्चे बीमार

Gopalganj Food Poisoning
Gopalganj Food Poisoning- फोटो : news4nation

Bihar News : गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। कीरतपुरा गांव में फटे दूध से बने एक खाद्य पदार्थ का सेवन करना एक परिवार के लिए भारी पड़ गया। इस घटना में 8 बच्चों सहित कुल 10 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। सभी का इलाज गोपालगंज सदर अस्पताल में चल रहा है और राहत की बात यह है कि सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

 

बताया जा रहा है कि कीरतपुरा गांव में अनिल सहनी और रजानती देवी के घर से फटे दूध से तैयार किया गया खाद्य पदार्थ परिवार के अन्य सदस्यों के पास पहुंचा था। इसे खाने के कुछ ही देर बाद बच्चों और महिलाओं को उल्टी, तेज पेट दर्द और कमजोरी की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते एक-एक कर 10 लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिससे परिवार में अफरा-तफरी मच गई।

 

परिजन बिना देर किए सभी मरीजों को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. पंकज कुमार के अनुसार, सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल सामान्य और स्थिर है। प्रारंभिक जांच में मामला फूड पॉइजनिंग का लग रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जानने के लिए आवश्यक चिकित्सीय जांच की जा रही है।

 

घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और चिंता का माहौल है। वहीं स्वास्थ्य विभाग भी मामले पर नजर बनाए हुए है। चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि बासी, खराब या संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें और भोजन की गुणवत्ता व स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।