डॉक्टर्स डे पर बिरला स्कूल दानापुर में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने छात्रों को दिए स्वस्थ जीवन के टिप्स
डॉक्टर्स डे पर बिरला स्कूल दानापुर में वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होना भी उतना ही आवश्यक है।
Bihar News : डॉक्टर्स डे के अवसर पर दानापुर स्थित ओपन माइंड्स ए बिरला स्कूल में बुधवार को विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने छात्रों से संवाद कर उन्हें शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
कार्यक्रम में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. कविता सिंह, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. हैदर, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रिंकी सिंह तथा डॉ. निधि कुमारी ने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। चिकित्सकों ने कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच ही बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है।
इस दौरान छात्रों ने भी पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और स्वास्थ्य से जुड़े कई सवाल पूछे। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने विद्यार्थियों के सभी प्रश्नों का सरल और सहज भाषा में उत्तर देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। साथ ही उन्होंने बच्चों को मोबाइल और स्क्रीन टाइम सीमित रखने, जंक फूड से बचने तथा नियमित शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी।
विद्यालय के प्राचार्य पलजिंदर पाल और उप-प्राचार्या पूनम पांडे ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ-साथ उन्हें बेहतर जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया। स्कूल प्रशासन ने कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति भी सजग और जागरूक बन सकें।