पूर्व मुख्यमंत्री स्व सत्येन्द्र नारायण सिन्हा को राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा का 'छोटे साहब' पर बड़ा बयान

पटना के श्रीकृष्णापुरी पार्क, सहदेव महतो रोड स्थित स्वर्गीय सत्येन्द्र नारायण सिन्हा की प्रतिमा पर, उनके जन्मदिवस के अवसर पर राजकीय समारोह आयोजित किया गया.

Late Satyendra Narayan Sinha
Late Satyendra Narayan Sinha- फोटो : news4nation

Bihar News: पूर्व मुख्यमंत्री स्व० सत्येन्द्र नारायण सिन्हा की जयंती पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्व० सत्येन्द्र नारायण सिन्हा पार्क, श्रीकृष्णापुरी में आयोजित राजकीय समारोह में स्व० सत्येन्द्र नारायण सिन्हा की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। 


श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा सत्येन्द्र बाबू, जिन्हें स्नेह से "छोटे साहब" कहा जाता था, बिहार और देश की राजनीति में एक ऊँचा स्थान रखते थे — एक ऐसे जननेता, जिनका जीवन सेवा, संघर्ष और सिद्धांतों का प्रतीक था। उनका नेतृत्व, आदर्श और दूरदृष्टि आज भी हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।


इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, बिहार विधानसभा के अध्यक्ष नंद किशोर यादव, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, परिवहन मंत्री शीला कुमारी, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी, विधान पार्षद कुमुद वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ० एस० सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, पुलिस महानिरीक्षक पटना, जितेन्द्र राणा, जिलाधिकारी त्यागराजन एस०एम०, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के० शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भी स्व० सत्येन्द्र नारायण सिन्हा जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी।


इस अवसर पर सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के कलाकारों द्वारा आरती पूजन, भजन-कीर्तन, बिहार गीत एवं देशभक्ति गीत का गायन किया गया।