कुम्हरार विधानसभा के नए जनसेवा कार्यालय का भव्य उद्घाटन, विधायक संजय गुप्ता ने दलित बस्ती में किया समरसता भोज
कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र में आज बीजेपी के नए 'केंद्रीय जनसेवा कार्यालय' का भव्य उद्घाटन हुआ। इस मौके पर एक स्थानीय दलित कार्यकर्ता के आवास पर आयोजित समरसता भोज में बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने जमीन पर बैठकर भोजन ग्रहण किया....
Patna : कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र में जनसेवा, सांगठनिक सुदृढ़ता और सामाजिक समरसता के एक नए अध्याय की शुरुआत हुई है। क्षेत्र के विधायक संजय गुप्ता के नए 'केंद्रीय जनसेवा कार्यालय' का भव्य उद्घाटन पूरे विधि-विधान और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस कार्यालय का उद्घाटन बिहार सरकार के मंत्री नीतीश मिश्रा और वरिष्ठ भाजपा नेता व बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मंगल पांडेय के कर-कमलों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर सुबह के सत्र में नवनिर्मित कार्यालय परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और पूर्ण विधि-विधान के साथ देव-पूजन एवं हवन किया गया, जिसमें क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई।
दिग्गज राजनेताओं और शीर्ष पदाधिकारियों का हुआ समागम
इस उद्घाटन समारोह को और अधिक गरिमामयी बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के कई शीर्ष नेता और पदाधिकारी पहुंचे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा के माननीय संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया, बिहार सरकार के मंत्री संजय टाइगर, दीघा विधायक संजीव चौरसिया, विधायक रत्नेश कुशवाहा और प्रख्यात शिक्षाविद एवं कुम्हरार विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी के सी सिन्हा शामिल हुए। सभी नेताओं ने नए कार्यालय के सुचारू संचालन के लिए विधायक संजय गुप्ता को अपनी शुभकामनाएं दीं।
सड़कों पर उमड़ा कार्यकर्ताओं का सैलाब, निकला 'गौरव जुलूस'
कार्यालय उद्घाटन के ठीक बाद कुम्हरार की सड़कों पर कार्यकर्ताओं का एक अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। संगठन महामंत्री के मार्गदर्शन से ऊर्जावान हुए सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं के विशाल हुजूम के साथ विधायक संजय गुप्ता पैदल मार्च करते हुए एक भव्य 'गौरव जुलूस' के रूप में आगे बढ़े। हाथों में पार्टी का ध्वज और देशभक्ति व राष्ट्रभक्ति के गगनभेदी नारों के साथ निकला यह विशाल जुलूस नवनिर्मित कार्यालय से शुरू होकर क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए सीधे अंबेडकर भवन तक पहुंचा।
अंबेडकर भवन दलित बस्ती में ऐतिहासिक 'समरसता भोज' का आयोजन
अपनी राजनैतिक और सामाजिक प्रतिबद्धता को दोहराते हुए विधायक संजय गुप्ता जुलूस के समापन पर अंबेडकर भवन स्थित दलित बस्ती पहुंचे। वहां उन्होंने समाज में समरसता और अंत्योदय के संदेश को चरितार्थ करते हुए अत्यंत सादगी और आत्मीयता के साथ एक स्थानीय दलित कार्यकर्ता के आवास पर जमीन पर बैठकर भोजन (समरसता भोज) ग्रहण किया। इस भावुक और ऊर्जावान क्षण में सैकड़ों समर्पित भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय प्रबुद्ध नागरिक और दलित बस्ती के निवासी भी सह-भोज में शामिल हुए।
जनता की आकांक्षाओं और त्वरित समाधान का केंद्र बनेगा कार्यालय: संजय गुप्ता
इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए विधायक श्री संजय गुप्ता ने कहा, "यह कार्यालय मात्र एक भवन नहीं, बल्कि कुम्हरार की देवतुल्य जनता की आकांक्षाओं, उनके अधिकारों और क्षेत्र के विकास का पवित्र केंद्र है। हमारे संगठन के संस्कार हमें सिखाते हैं कि राष्ट्र का कल्याण तब तक अधूरा है, जब तक समाज के अंतिम छोर पर खड़ा व्यक्ति मुख्यधारा से न जुड़ जाए।" उन्होंने स्पष्ट किया कि इस साझा मंच के द्वार कुम्हरार के हर नागरिक और कार्यकर्ता के लिए चौबीसों घंटे खुले हैं, जहाँ नियमित रूप से जन-संवाद होगा और जन-समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
वंदना की रिपोर्ट