LATEST NEWS

बिहार के जल जीवन हरियाली मिशन से दिखने लगे सकारात्मक परिणाम, ग्राउंड वाटर लेवल में दिखा सुधार

बिहार के जल जीवन हरियाली मिशन से भूजल स्तर में सुधार हुआ है। 2024 की रिपोर्ट के अनुसार राज्य का सुरक्षित क्षेत्र 929 वर्ग किलोमीटर बढ़ा है, और 91% भूभाग अब सुरक्षित है।

 बिहार के जल जीवन हरियाली मिशन से दिखने लगे सकारात्मक परिणाम, ग्राउंड वाटर लेवल में दिखा सुधार
bihar jal jeevan hariyali - फोटो : social media

Bihar Jal Jeevan Hariyali Mission: बिहार के जल जीवन हरियाली मिशन के तहत किए गए जल संरक्षण प्रयासों के परिणाम अब साफ़ दिखने लगे हैं। 2024 में जारी केंद्र सरकार के जलशक्ति मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में भूजल स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। बीते साल की तुलना में न केवल भूजल स्तर बेहतर हुआ है, बल्कि भूजल सुरक्षा के क्षेत्र में 929 वर्ग किलोमीटर की बढ़ोतरी भी दर्ज की गई है।

भूजल स्तर में सुधार की स्थिति

2023 में बिहार का सुरक्षित भूजल क्षेत्र 81260 वर्ग किलोमीटर था, जो इस वर्ष बढ़कर 82189 वर्ग किलोमीटर हो गया है। इससे यह स्पष्ट होता है कि बिहार का लगभग 91% भूभाग अब भूजल स्तर के मामले में सुरक्षित या संतोषजनक स्थिति में है, जो 2023 में 90% था। यह वृद्धि जल जीवन हरियाली मिशन के तहत राज्य में किए गए व्यापक जल संरक्षण उपायों का प्रत्यक्ष परिणाम है।

जल जीवन हरियाली मिशन के प्रयास

जल जीवन हरियाली मिशन की शुरुआत 2 अक्टूबर 2019 को की गई थी। इस मिशन के तहत न केवल हरियाली बढ़ाने का कार्य हुआ बल्कि जल संरक्षण के विभिन्न उपायों पर भी जोर दिया गया। इनमें प्रमुख रूप से जलस्रोतों का जीर्णोद्धार, तालाब, आहर, पइन की साफ-सफाई और नहरों की उड़ाही शामिल हैं।

बड़े पैमाने पर आहर और तालाब खुदवाए

दक्षिणी बिहार में बड़े पैमाने पर आहर और तालाब खुदवाए गए, और नहरों की मरम्मत की गई। पहाड़ी क्षेत्रों में जल संचय के लिए संरचनाओं का निर्माण और कच्चे और पक्के चेक डैम बनाए गए। इन प्रयासों से न केवल जलस्रोतों की स्थिति में सुधार हुआ बल्कि राज्य के भूजल स्तर में भी सकारात्मक बदलाव आए।

अत्यधिक भूदोहन वाले क्षेत्रों में कमी

2024 की रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि अत्यधिक भूदोहन वाले क्षेत्रों में कमी आई है। 2023 में अत्यधिक भूदोहन क्षेत्र 867.80 वर्ग किलोमीटर था, जो अब घटकर 441 वर्ग किलोमीटर रह गया है। यह राज्य के कुल भूभाग का केवल 0.49% है, जो 2023 में 0.96% था।इसके अलावा, भूदोहन के संवेदनशील क्षेत्रों में भी कमी देखी गई है। 2023 में 7417.08 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र संवेदनशील था, जो अब घटकर 6818.28 वर्ग किलोमीटर रह गया है। यह 8.21% से घटकर 7.55% हो गया है।

क्रिटिकल क्षेत्र में मामूली वृद्धि

हालांकि क्रिटिकल क्षेत्र में मामूली वृद्धि देखी गई है। 2024 में यह क्षेत्र बढ़कर 900.68 वर्ग किलोमीटर हो गया है, जो राज्य के कुल भूभाग का लगभग 1% है। 2023 में यह 803 वर्ग किलोमीटर था, जो 0.89% था।

बिहार के जल जीवन हरियाली मिशन 

बिहार के जल जीवन हरियाली मिशन ने राज्य में जल संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के प्रयासों को गति दी है। इसका प्रत्यक्ष परिणाम भूजल स्तर में सुधार और अत्यधिक भूदोहन वाले क्षेत्रों में कमी के रूप में देखा जा सकता है। इस मिशन के तहत राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में किए गए व्यापक उपायों से न केवल वर्तमान बल्कि भविष्य की जल आवश्यकताओं को भी पूरा करने में मदद मिलेगी।

Editor's Picks