शैंपू देने में हुई देरी तो बदमाशों ने दुकानदार को पीटा, 2 लाख रुपये और सोने की चेन लूटी

हाजीपुर के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत पासवान चौक पर मामूली विवाद में बदमाशों ने एक किराना दुकानदार पर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने दुकान में तोड़फोड़ के साथ लाखों की लूटपाट की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

शैंपू देने में हुई देरी तो बदमाशों ने दुकानदार को पीटा, 2 ला

Vaishali - हाजीपुर के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत पासवान चौक के पास मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शनिवार दोपहर वीर चुहरमल नगर निवासी विकास पासवान एक किराना दुकान पर शैंपू खरीदने पहुंचा था। सामान देने में हुई जरा सी देरी पर आरोपी ने दुकानदार आदित्य राज के साथ बदतमीजी शुरू कर दी। विरोध करने पर मामला गाली-गलौज से बढ़कर मारपीट तक जा पहुंचा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

दुकानदार का आरोप है कि आरोपी विकास पासवान ने तुरंत फोन कर अपने 10 से 15 साथियों को मौके पर बुला लिया। लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से लैस इन हमलावरों ने दुकान पर धावा बोल दिया और दुकानदार की बेरहमी से पिटाई की। मारपीट के दौरान बदमाशों ने दुकानदार के गले से सोने की चेन छीन ली और गल्ले में रखे करीब दो लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें लड़के लाठी-डंडे चलाते साफ दिख रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दुकानदार का बयान दर्ज किया है और वायरल वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है। दुकानदार ने स्पष्ट किया कि हमलावरों से उनका कोई पुराना विवाद नहीं था, यह पूरी घटना महज शैंपू मांगने के दौरान हुए आकस्मिक विवाद के कारण हुई।

Report - Rishav kumar