बिहार में हीटवेव अलर्ट, बढ़ते तापमान के बीच सरकार ने जारी की एडवाइज़री, अब भूलकर भी ना करें यह काम

एडवाइज़री में कहा गया है कि छोटे बच्चे, गर्भवती महिलाएं, बुजुर्ग, बाहर काम करने वाले लोग और दिल की बीमारी या हाई ब्लड प्रेशर जैसी पुरानी बीमारियों से पीड़ित लोग हीटवेव के दौरान सबसे ज्यादा जोखिम में रहते हैं।

Heatwave alert in Bihar
Heatwave alert in Bihar- फोटो : news4nation

Heatwave alert in Bihar:  बिहार में गर्मी अब लोगों पर भारी पड़ने लगी है। राज्य के कई जिलों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी और हीटवेव जैसी स्थिति बने रहने की संभावना जताई गई है। पटना समेत दक्षिण और मध्य बिहार के कई इलाकों में दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बिहार में अधिकांश जिलों का तापमान 42 डिग्री तक पहुंच रहा है, इस बीच केंद्र सरकार ने भी बढ़ती गर्मी को लेकर देशभर के लिए स्वास्थ्य चेतावनी जारी की है।


 एडवाइजरी जारी 

परिवार एवं कल्याण मंत्रालय के तहत डायरेक्टरेट जनरल ऑफ हेल्थ सर्विसेज (DGHS) के आयुष वर्टिकल ने Ministry of AYUSH के साथ मिलकर पब्लिक हेल्थ एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि छोटे बच्चे, गर्भवती महिलाएं, बुजुर्ग, बाहर काम करने वाले लोग और दिल की बीमारी या हाई ब्लड प्रेशर जैसी पुरानी बीमारियों से पीड़ित लोग हीटवेव के दौरान सबसे ज्यादा जोखिम में रहते हैं।


सरकार ने लोगों को दिन के सबसे गर्म समय में सीधे धूप में निकलने से बचने, भरपूर पानी पीने और हल्के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी है। एडवाइजरी में कहा गया है कि शरीर को हाइड्रेट रखने   लिए छाछ, नारियल पानी, नींबू पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स से भरपूर पेय पदार्थों का सेवन करना चाहिए। साथ ही खीरा, तरबूज और अन्य मौसमी फलों को भोजन में शामिल करने की सलाह दी गई है।


 हीट स्ट्रेस के गंभीर संकेत

सरकार ने चेतावनी दी है कि गर्मी से जुड़ी बीमारियों के लक्षणों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी, बेहोशी, शरीर का अत्यधिक गर्म होना, मानसिक स्थिति में बदलाव और दौरे पड़ना हीट स्ट्रेस के गंभीर संकेत हो सकते हैं। ऐसे मामलों में तुरंत चिकित्सा सहायता लेने और जरूरत पड़ने पर इमरजेंसी हेल्पलाइन 108 और 102 पर संपर्क करने को कहा गया है। एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि सार्वजनिक कार्यक्रमों, निर्माण स्थलों और खुले में काम करने वाले श्रमिकों के लिए विशेष सावधानी जरूरी है। सरकार ने कार्यस्थलों पर छायादार आराम स्थल, नियमित पानी पीने का ब्रेक और हीट स्ट्रेस को लेकर जागरूकता बढ़ाने की सलाह दी है।


कुछ दिनों तक विशेष सतर्कता 

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने भी अनुमान जताया है कि उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के बड़े हिस्सों के साथ बिहार में भी अगले कुछ दिनों तक तापमान सामान्य से ऊपर रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिन के समय लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।


ऐसे करें बचाव 

सरकार ने पारंपरिक उपायों को भी कारगर बताते हुए शीतली प्राणायाम, हल्के योग और शरीर को ठंडक देने वाले पेय पदार्थों के सेवन की सलाह दी है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग के अलर्ट पर लगातार नजर रखें और अनावश्यक रूप से धूप में निकलने से बचें।