Bihar Weather: पटना में बारिश का कहर, AN कॉलेज के पास धंसी सड़क, ट्रैफिक डायवर्ट, बिजली गिरने से बिहार में 4 मौतें

बिहार में आकाशीय बिजली ने कहर बरपाया है।वज्रपात से चार लोगों की मौत हो गई।...

Heavy Rain Hits Patna Road Collapses Lightning Kills Four in

Bihar Weather:  बिहार में मानसून की सक्रियता के बीच शुक्रवार को राजधानी पटना समेत कई जिलों में तेज बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। पटना में सुबह से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण AN कॉलेज के पास सड़क धंस गई, जिससे सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी है और ट्रैफिक को दूसरे रास्तों पर डायवर्ट किया गया है।

बारिश के कारण राजधानी के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति भी देखने को मिली। इनकम टैक्स इलाके समेत कई क्षेत्रों में सुबह से तेज बारिश दर्ज की गई। नगर प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी तरह की दुर्घटना को रोका जा सके।

वहीं, बिहार के अन्य जिलों में आकाशीय बिजली ने कहर बरपाया है। औरंगाबाद और बक्सर में गुरुवार को वज्रपात से चार लोगों की मौत हो गई।औरंगाबाद में खेत में काम करने के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की जान चली गई। वहीं, बक्सर जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियांव गांव में वज्रपात की चपेट में आने से 60 वर्षीय रामकुमार उपाध्याय की मौत हो गई।बक्सर में ही एक अन्य घटना में 21 वर्षीय युवक गोलू की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह देर रात नचाप गांव स्थित अपने घर लौट रहा था, तभी बारिश के दौरान अचानक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बीच प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

लगातार बारिश के कारण जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर सड़क धंसने, जलजमाव और वज्रपात जैसी घटनाओं ने प्रशासन की चुनौती बढ़ा दी है।