Holi : पटना के अदिति कम्युनिटी सेंटर में सजेगी होली की महफिल, अखिल भारतीय बाभन समाज करेगा होली मिलन समारोह का आयोजन, गायन और पुआ पकवान का होगा संगम

Holi : पटना के अदिति कम्युनिटी सेंटर में सजेगी होली की महफिल

PATNA : दालान और गांव की चौपालों में बसंत पंचमी से होली गाने के शुरुआत हो जाती है। महाशिवरात्रि पर उठान आता और होली के दो-चार दिन पहले की शामें फाग, जोगीरा, होरी को चरम पर ले जाते है। एक ऐसा त्योहार जो भगवान के सुमिरन से शुरू होकर, श्रृंगार से रस में डूबे. विवाहित के दाम्पत्य डोर को मजबूती दे और विरह की वेदना को दर्शाए। ऐसे गीत जिनमें प्रभु से कामना भी है, किशोर और यौवन की हंसी-ठिठोली भी है, 'बुढ़वा' से भी मजाक है, रूठी प्रेयसी को मनाते पिया पियारे भी हैं और हर बरस का यह सुख बरकरार रहे यह कामना भी है। हमारे बिहार में और खासकर हमारे मगध में होली गाने की शुरुआत होती है 'सुमिरहु श्री भगवान अरे लाला, सुमिरहु श्री भगवान' गाकर ... सबसे पहले सब देवी-देवता का स्मरण करते हुए गाया जाता है। इसी कड़ी में कल यानी 25 फ़रवरी को बिहार की राजधानी पटना में होली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय बाभन समाज द्वारा एक भव्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस 'होली मिलन सह गायन समारोह' के माध्यम से समाज के लोग एक साथ मिलकर रंगों और खुशियों के इस त्योहार की परंपरा को जीवंत करेंगे। संस्था के उत्साहित युवाओं द्वारा इस विशेष कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है।

तारीख और समय का विवरण

यह सांस्कृतिक कार्यक्रम 25 फरवरी, 2026 को आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का समय शाम 04:00 बजे से लेकर रात्रि 09:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। पाँच घंटों के इस सत्र में पारंपरिक गीतों और मेल-मिलाप का संगम देखने को मिलेगा। इस कार्यक्रम में अलग अलग राजनीतिक दलों के नेता और गणमान्य लोगों की मौजूदगी रहेगी।

पारंपरिक गायन और व्यंजनों का लुत्फ

आयोजकों के अनुसार, इस मिलन समारोह की मुख्य विशेषता 'ठेठ देहाती अंदाज' में होली गायन होगी। शहरी परिवेश के बीच गांव की मिट्टी की सोंधी खुशबू बिखेरने के लिए स्थानीय गायन शैलियों को प्राथमिकता दी गई है। इसके साथ ही मेहमानों के लिए होली के पारंपरिक व्यंजन 'पुआ पकवान' की भी विशेष व्यवस्था की गई है। यह समारोह पटना के प्रसिद्ध अदिति कम्युनिटी सेंटर में संपन्न होगा। यह केंद्र कोतवाली थाना के पीछे, ए-15 सिन्हा लाइब्रेरी रोड पर स्थित है। कार्यक्रम स्थल का चयन इसलिए किया गया है ताकि शहर के विभिन्न हिस्सों से आने वाले लोगों को पहुँचने में सुगमता हो।

एकजुटता और संस्कृति का संगम

अखिल भारतीय बाभन समाज, पटना (बिहार) ने इस आमंत्रण के माध्यम से समाज के लोगों को अपनेपन के साथ बैठने और त्योहार की मर्यादा को संजीदगी के साथ मनाने का संदेश दिया है। यह आयोजन न केवल मनोरंजन का साधन है, बल्कि बदलते दौर में अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोने और आपसी भाईचारे को सुदृढ़ करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।